भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप के सुपर-4 में जगह बना चुकी है, लेकिन उससे पहले उसका सामना ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में ओमान से होगा। यह मैच शुक्रवार को अबू धाबी में खेला जाएगा। टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला महज़ औपचारिकता नहीं है, बल्कि आने वाले कठिन मैचों की तैयारी का मौका है। अगले आठ दिनों में भारत को चार मैच खेलने हैं, जिसमें पाकिस्तान से दोबारा भिड़ंत भी शामिल है।
ओमान के खिलाफ बैटिंग लाइनअप आज़माएगा भारत
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम ओमान के खिलाफ अपने बल्लेबाजों को पूरा एक्सपोजर देना चाहेगी। इसके लिए जरुरी होगा कि भारत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुने। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को लंबे समय तक क्रीज पर टिकने का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो फैंस को कई नए रिकॉर्ड भी देखने को मिल सकते हैं।
गेंदबाजी में बदलाव की संभावना
जसप्रीत बुमराह को इस मैच में आराम दिया जा सकता है, क्योंकि इंग्लैंड सीरीज के दौरान उन्होंने सीमित ओवर ही गेंदबाजी की थी। उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिलने की संभावना है। वहीं स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ओमान की बैटिंग लाइनअप के लिए बड़ी चुनौती होंगे।
ओमान की बल्लेबाजी बनी चिंता
ओमान ने अब तक पाकिस्तान और यूएई के खिलाफ मुकाबले खेले हैं, लेकिन किसी भी बल्लेबाज ने 30 रन तक नहीं बनाए। हम्माद मिर्जा ने पाकिस्तान के खिलाफ 27 और आर्यन बिष्ट ने यूएई के खिलाफ 24 रन बनाए, जो उनकी टीम के अब तक के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर हैं। ऐसे में भारत के गेंदबाजों के सामने ओमान की बैटिंग बड़ी चुनौती पेश करती नहीं दिखती।
अबू धाबी की पिच बनी पहेली
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के दोनों मैच दुबई में खेले हैं। यह पहला अवसर है जब उसे अबू धाबी की पिच पर उतरना है। टीम ने यहां प्रैक्टिस भी नहीं की है, लेकिन कमजोर विपक्ष को देखते हुए खिलाड़ियों के लिए यह नई परिस्थितियों को समझने का अच्छा मौका रहेगा।