IND vs ENG 2nd Test: रवींद्र जडेजा ने तोड़ा BCCI का नियम, अब हो सकती है कार्रवाई – जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली | स्पोर्ट्स डेस्क:
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच में जहां एक ओर रवींद्र जडेजा की शानदार बल्लेबाज़ी ने सबका दिल जीत लिया, वहीं दूसरी ओर उन्होंने बीसीसीआई (BCCI) की एक अहम गाइडलाइन का उल्लंघन कर दिया। जडेजा ने दूसरी पारी शुरू होने से पहले टीम बस के बजाय खुद के वाहन से मैदान पहुंचने का फैसला किया, जो बोर्ड की नई पॉलिसी के खिलाफ है।
क्या है पूरा मामला?
रवींद्र जडेजा ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 137 गेंदों में 89 रन बनाए। दूसरे दिन खेल शुरू होने से पहले जडेजा अकेले अपने वाहन से मैदान पहुंच गए और वहां जाकर अभ्यास किया। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद यह स्पष्ट गाइडलाइन जारी की थी कि सभी खिलाड़ी टीम बस से ही ट्रैवल करेंगे। किसी को भी व्यक्तिगत वाहन से आने की अनुमति नहीं होगी।
लेकिन जडेजा ने इस नियम को नजरअंदाज करते हुए अकेले मैदान पहुंचकर नेट सेशन किया। माना जा रहा है कि उन्होंने यह कदम टीम के हित में और खुद की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए उठाया। बाद में, उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर 203 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया ने पहली पारी में 587 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
क्या होगी सजा?
सूत्रों के मुताबिक, जडेजा ने भले ही BCCI की गाइडलाइन तोड़ी हो, लेकिन चूंकि उनका इरादा टीम के फायदे के लिए था और उन्होंने कोई अनुशासनहीनता नहीं दिखाई, ऐसे में उन पर किसी तरह का जुर्माना या प्रतिबंध लगने की संभावना कम है।
जडेजा ने खुद क्या कहा?
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जडेजा ने कहा:
“मुझे लगा कि मुझे अतिरिक्त बल्लेबाजी करनी चाहिए क्योंकि गेंद नई थी। इंग्लैंड की कंडीशन में जितनी ज्यादा बल्लेबाजी करोगे, उतना बेहतर होता है क्योंकि कभी भी गेंद स्विंग कर सकती है और आप आउट हो सकते हैं।”