पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। इस दौरान उनकी हालत और जेल में उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसी बीच अफगानिस्तान के एक एक्स अकाउंट ने ऐसा दावा कर दिया जिसने पूरे दक्षिण एशिया में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इन खबरों को तुरंत फर्जी बताया है।
अफगानिस्तान डिफेंस का बड़ा दावा – “जेल में हत्या कर दी गई”
अफगानिस्तान डिफेंस नाम के एक्स हैंडल ने पोस्ट कर आरोप लगाया कि इमरान खान की जेल के भीतर हत्या कर दी गई है। पोस्ट में लिखा गया कि “सूत्रों” के मुताबिक पाकिस्तानी प्रशासन ने ही यह साजिश रची है। यह दावा सामने आते ही सोशल मीडिया पर उथल-पुथल मच गई और बड़ी संख्या में लोग अपडेट मांगने लगे।
पाकिस्तान सरकार का जवाब – “यह पूरी तरह मनगढ़ंत खबर”
दावे फैलते ही पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की गई। सरकार ने इस तरह की सभी पोस्ट को झूठा बताते हुए कहा कि इमरान खान पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्रशासन का कहना है कि विपक्षी ताकतें सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाकर हालात बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं।
जेल के बाहर हंगामा – इमरान खान की बहनों को नहीं मिलने दिया गया
बीते दिन इमरान खान की बहनें—नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान—अदियाला जेल पहुंची थीं, लेकिन उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई। जेल के बाहर PTI समर्थकों ने इमरान की सेहत की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।
पुलिस पर गंभीर आरोप – समर्थकों को घसीटा, कई गिरफ्तार
इमरान की बहनों ने पंजाब पुलिस पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें और प्रदर्शनकारियों को घसीटा गया और बदसलूकी की गई। पुलिस ने मौके से कई PTI समर्थकों को हिरासत में भी लिया। समर्थकों का कहना है कि वे सिर्फ इमरान खान की हेल्थ रिपोर्ट जानना चाहते हैं, लेकिन सरकार लगातार टालमटोल कर रही है।





