मुख्यमंत्री डॉ. Mohan Yadav 19 मई को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में शामिल होंगे। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah करेंगे।
बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक
सीएम मोहन यादव होंगे शामिल
अमित शाह की अध्यक्षता में 26वीं बैठक
जगदलपुर में चार राज्यों के सीएम जुटेंगे
यह बैठक पहली बार बस्तर (जगदलपुर) में आयोजित की जा रही है, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। मध्यप्रदेश के साथ-साथ Yogi Adityanath, Pushkar Singh Dhami और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
मध्य क्षेत्रीय परिषद का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच तथा राज्यों के आपसी मामलों में समन्वय स्थापित करना और विकास संबंधी मुद्दों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालना है। बैठक में आंतरिक सुरक्षा, विकास परियोजनाओं, प्रशासनिक तालमेल और अंतरराज्यीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार इस ऐतिहासिक बैठक की मेजबानी कर रही है। बैठक में सदस्य राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि, अंतरराज्यीय परिषद के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि परिषद की पिछली बैठक पिछले वर्ष जून माह में वाराणसी में आयोजित की गई थी। इस बार बस्तर में आयोजन को क्षेत्रीय विकास और नक्सल प्रभावित इलाकों की बदलती छवि के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।