ICC T20 World Cup: भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर इतिहास रच दिया। रनों के लिहाज से यह टूर्नामेंट में पाकिस्तान पर भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया ने सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। लगातार तीन जीत के साथ भारत ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच चुका है।
कोलंबो में भारत का दबदबा.. पाकिस्तान की लगाई लंका
कोलंबो के R. Premadasa Stadium में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को 176 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने 44 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।
भारत की ओर से Jasprit Bumrah, Axar Patel, Varun Chakravarthy और Hardik Pandya ने दो-दो विकेट झटके। सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक फील्डिंग के दम पर टीम इंडिया ने मैच एकतरफा बना दिया।
ईशान किशन की तूफानी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे Ishan Kishan।
ईशान ने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। कप्तान Suryakumar Yadav ने भी 32 रन की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 3 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।
सुपर-8 में भारत की एंट्री
इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। टीम तीन मैचों में तीन जीत के साथ पूरे 6 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पर है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
टॉस के दौरान नहीं मिला हाथ
मैच से पहले टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया। पिछले साल एशिया कप के दौरान भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया था। यह फैसला पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में लिया गया था।
भारत की यह जीत सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि बड़े मंच पर दबदबा दिखाने का संदेश है। अब नजरें सुपर-8 मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया खिताब की ओर मजबूती से बढ़ती दिख रही है।





