कन्याकुमारी से लेकर जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल से गुजरात तक देशभक्ति का जज्बा पूरे जोश में है। इस बार परिस्थितियाँ खास हैं—ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद हर भारतीय का उत्साह दोगुना नजर आ रहा है। जल्द ही इस मुद्दे को लेकर फिल्म भी पर्दे पर आने वाली है। स्वतंत्रता दिवस मौके पर फिल्में उत्सव मनाने का एक शानदार तरीका है। आप देश भक्ति से ओतप्रोत फिल्में परिवार के साथ बैठकर देश सकते हैं। यहां हम बता रहे हैं देशभक्ति से ओतप्रोत 10 ऐसी प्रेरणादायक फिल्में, जो आपके दिल में देश के लिए गर्व का भाव और गहरा कर देंगी।
राज़ी – देश के लिए हर बलिदान कुबूल
आलिया भट्ट अभिनीत राज़ी एक ऐसी भारतीय लड़की की कहानी है जो पाकिस्तान में शादी करके वहाँ से भारत के लिए जासूसी करती है। यह फिल्म साहस, त्याग और देशप्रेम का सशक्त उदाहरण है, जिसे खासतौर पर महिलाएं प्रेरणादायक मानती हैं।
केसरी – 21 सिखों का अदम्य साहस
12 सितंबर 1897 की सारागढ़ी की लड़ाई पर आधारित यह फिल्म अक्षय कुमार के शानदार अभिनय से जीवंत होती है। 21 सिख सैनिकों ने 10,000 अफगानों से जंग लड़ी—देश के लिए जान देने का सच्चा उदाहरण।
लगान – खेल के मैदान में आज़ादी की जीत
आमिर खान की लगान सिर्फ क्रिकेट पर आधारित फिल्म नहीं, बल्कि औपनिवेशिक सत्ता के खिलाफ एक गाँव की जीत की दास्तां है। यह कहानी हौसले, एकता और न्याय के लिए संघर्ष का प्रतीक है।
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक – “हाउज़ द जोश!
2016 की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित विक्की कौशल की यह फिल्म दर्शकों को गर्व और जोश से भर देती है। ऑपरेशन की हर डिटेल इस फिल्म में रोमांचक ढंग से दिखाई गई है।
गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल – महिला वीरता की मिसाल
कारगिल युद्ध में शामिल पहली महिला पायलट गुंजन सक्सेना की असल कहानी पर बनी यह फिल्म साहस, संघर्ष और आत्मविश्वास का प्रतीक है। जाह्नवी कपूर ने इस किरदार को बखूबी निभाया।
द लीजेंड ऑफ भगत सिंह – अमर शहीद का अमर जोश
अजय देवगन अभिनीत यह फिल्म भगत सिंह के बलिदान और देशप्रेम को सजीव करती है। इसे देखकर युवाओं में देशभक्ति की लहर दौड़ जाती है।
नीरजा – एक एयर होस्टेज की वीरता
1986 में अपहृत विमान में यात्रियों की जान बचाते हुए नीरजा भनोट ने अपने प्राण न्यौछावर किए। सोनम कपूर की इस फिल्म में नीरजा की बहादुरी आपको भावुक कर देगी।
लक्ष्य – सैनिक बनने की प्रेरणा
ऋतिक रोशन की लक्ष्य कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि में एक युवक के सैनिक बनने की कहानी है। यह फिल्म दृढ़ संकल्प और अनुशासन की अहमियत सिखाती है।
भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया – रातों-रात युद्ध की तैयारी
1971 के भारत-पाक युद्ध में 300 महिलाओं ने एयरबेस के लिए रनवे बनाया, जिससे भारतीय सेना को बढ़त मिली। अजय देवगन की यह फिल्म महिला शक्ति का अद्भुत उदाहरण है।
बॉर्डर – 1971 की अमर गाथा
जेपी दत्ता की बॉर्डर फिल्म में सनी देओल और सुनील शेट्टी सहित कई कलाकारों ने 1971 युद्ध की बलिदानी कहानी को अमर कर दिया। इसके गीत आज भी स्वतंत्रता दिवस का हिस्सा हैं।
स्वतंत्रता दिवस सिर्फ झंडा फहराने और परेड देखने का दिन नहीं, बल्कि हमारे वीरों के बलिदान को याद करने का अवसर है। ये फिल्में न सिर्फ मनोरंजन देती हैं, बल्कि हमें उस भाव से भी जोड़ती हैं, जिसने इस देश को आज़ाद बनाया और सुरक्षित रखा। इस 15 अगस्त, अपने परिवार के साथ इनमें से एक या अधिक फिल्में जरूर देखें और देशभक्ति के जज़्बे को फिर से ताज़ा करें।
प्रकाश कुमार पांडेय