हरदा जिले की शिवानी उइके ने मेहनत और जज्बे की मिसाल पेश करते हुए मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) परीक्षा 2024 में शानदार सफलता हासिल की है। थाना हंडिया में पदस्थ एएसआई देवकरण उइके की बेटी शिवानी का चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ है। साधारण परिवार से आने वाली शिवानी ने साबित कर दिया कि हौसला और दृढ़ निश्चय हो तो बड़ी से बड़ी मंज़िल पाना संभव है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरा जिला गौरवान्वित है।
शिक्षा और तैयारी
सिराली की रहने वाली शिवानी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव से ही की। इसके बाद उन्होंने भोपाल स्थित सरोजिनी नायडू कॉलेज से बीएससी पूरी की और इंदौर में MPPSC की तैयारी शुरू की। गहन परिश्रम और अनुशासन की बदौलत उन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली। यह उपलब्धि उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो निरंतर मेहनत कर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।
परिवार का योगदान
शिवानी की इस सफलता के पीछे उनके पिता एएसआई देवकरण उइके और पूरे परिवार का अथक सहयोग रहा। पुलिस विभाग में कार्यरत होने के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया और हमेशा हौसला बढ़ाया। देवकरण उइके का कहना है कि बेटी ने उनका सपना पूरा कर जिले और गांव का नाम रोशन किया है।
जिले का गौरव
शिवानी उइके की कामयाबी से हरदा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं और उन्हें नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बता रहे हैं। शिवानी ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि “अगर मेहनत और धैर्य से लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।





