Independence Day 2025: आजादी के लिए बहाया लहू…भोपाल में है जिनके शौर्य का यह स्मारक ..वीरता और बलिदान की अमर गाथा

देश के वीर सपूतों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में भोपाल के अरेरा हिल्स पर ‘शौर्य स्मारक’ का निर्माण किया गया है। करीब 13 एकड़ में फैला यह स्थल केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि ऐसा स्थान है जहां आगंतुक भारतीय सैनिकों के संघर्ष, साहस और रणभूमि के अनुभव को महसूस कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश को समर्पित किया था। 41 करोड़ रुपये की लागत से बने भोपाल में देश में अपनी तरह के पहले इस शौर्य स्मारक को साल 2016 में 14 अक्टूबर की तारीख को देश को सम​र्पित किया था। जिसकी रूपरेखा को मुंबई की मशहूर आर्किटेक्ट शोना जैन ने तैयार किया था। वे इस शौर्य स्मारक को मंदिर के समान ही मानती हैं। एक ऐसी जगह जहां केवल फूल चढ़ाने की परंपरा नहीं, बल्कि सैनिकों के जज्बे को आत्मसात किया जा सके।

विचार से निर्माण तक की यात्रा
शौर्य स्मारक की कल्पना 2008 में हुई, जब दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में सेना के तत्कालीन अध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने इस बात पर चिंता जताई कि युवाओं में सेना के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। कार्यक्रम में मौजूद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उसी समय भोपाल में यह स्मारक बनाने का ऐलान किया।

वास्तुकला की दृष्टि से ‘अभवन’
यह स्मारक पारंपरिक इमारत की बजाय ‘अभवन’ की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें अरेरा हिल्स के प्राकृतिक उतार-चढ़ाव, चट्टानों और वृक्षों को प्रतीकात्मक रूप से डिज़ाइन में शामिल किया गया है। स्मारक का हर भाग जीवन-मृत्यु, युद्ध-शांति और बलिदान जैसे भावों को कलात्मक रूप में दर्शाता है।

मुख्य आकर्षण

शौर्य स्तंभ: – 62 फीट ऊंचा ग्रेनाइट से निर्मित स्तंभ, जो थल सेना (काला ग्रेनाइट), नौसेना (जल तत्त्व) और वायु सेना (सफेद ग्रेनाइट) का प्रतिनिधित्व करता है।

लाल स्कल्पचर:– एक ओर से रक्त की बूंद जैसा, दूसरी ओर से नमस्कार की मुद्रा में।

अनंत ज्योति: – स्तंभ के आधार पर स्थापित होलोग्राफिक ज्योति, जो बलिदान की अमरता का प्रतीक है।

संग्रहालय:– परमवीर चक्र, महावीर चक्र, शौर्य चक्र सहित कई वीरता पुरस्कार, युद्ध में इस्तेमाल हुए अस्त्र-शस्त्र के मॉडल, टैंक, जहाज और विमानों के लघु प्रतिरूप।

चित्र एवं पेंटिंग्स : – कारगिल विजय, सियाचिन के कठिन हालात, ऐतिहासिक युद्धों और सैन्य परंपरा से जुड़ी कलाकृतियां।

ऐतिहासिक और भावनात्मक अनुभव
शौर्य स्मारक में आने वाले पर्यटकों को न सिर्फ आधुनिक काल के युद्धों की झलक देखने को मिलती है, बल्कि यहां पर पाषाणकाल से लेकर आजादी के संग्राम तक की वीर गाथाओं की भी जानकारी पाते हैं। यहां पर कारगिल युद्ध से लेकर सियाचिन के मोर्चे और भारत के सैन्य इतिहास को भी प्रदर्शित किया है। जिसकी पेंटिंग्स आगंतुकों को भावुक कर देती हैं।

लोकप्रिय पर्यटन स्थल
2016 से अब तक 18 लाख 50 हजार से अधिक लोग शौर्य स्मारक का भ्रमण कर चुके हैं। सप्ताहांत में यहां पर्यटकों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना तक बढ़ जाती है। प्रतिदिन सेना से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री और फिल्में प्रदर्शित की जाती हैं। सैनिकों और उनके परिजनों के लिए प्रवेश निःशुल्क है, जबकि आम पर्यटकों के लिए मामूली शुल्क रखा गया है।

वीरता, बलिदान और देशभक्ति का प्रतीक
शौर्य स्मारक केवल भोपाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का स्थल है। यह भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के उन जांबाजों को समर्पित है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा की खातिर अपने प्राण और अपना सर्वस्व न्यौछावर करने दिया था। शौर्य गाथा का यह स्मारक न सिर्फ उन वीर सपूतों की स्मृति को जीवित रखता है, बल्कि यहां आने वाली नई पीढ़ी को साहस के साथ अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा भी देता है।

Exit mobile version