बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और सभी दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गया दौरे के दौरान नवादा विधायक विभा देवी और राजौली विधायक प्रकाश वीर उनके मंच पर नजर आए। यह पहला मौका था जब चुनावी वर्ष में विपक्षी दल RJD के विधायक सत्ताधारी दल के मंच पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, प्रोटोकॉल के तहत किसी भी क्षेत्रीय कार्यक्रम में स्थानीय विधायक को आमंत्रित किया जाता है। लेकिन इस बार की तस्वीरें और माहौल राजनीतिक रूप से काफी अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि उसी मंच से RJD को तीखे हमलों का सामना करना पड़ा। दोनों विधायकों का मंच पर आना केवल औपचारिक उपस्थिति भर नहीं है। पिछले कुछ महीनों से विभा देवी और प्रकाश वीर पार्टी लाइन से हटकर बयान देते रहे हैं और अपनी ही पार्टी से असंतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में उनके पीएम मोदी के मंच पर पहुंचने को RJD के भीतर असंतोष और आंतरिक दरार के रूप में देखा जा रहा है।
RJD के भीतर असंतोष की आहट
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब RJD शीर्ष नेतृत्व लगातार भाजपा और NDA पर हमलावर है, ऐसे में दो विधायकों का पीएम के साथ मंच साझा करना बड़ा संकेत है। यह पार्टी के भीतर असंतोष और गुटबाजी को उजागर करता है।
RJD के लिए नई चुनौती
इस घटनाक्रम ने RJD की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। NDA समर्थकों में उत्साह है जबकि RJD के सामने चुनौती है कि वह अपने विधायकों को साथ कैसे रखे। अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या विभा देवी और प्रकाश वीर पार्टी से दूरी बनाएंगे या औपचारिक रूप से NDA में शामिल होंगे।
पीएम मोदी का RJD पर हमला
मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने RJD पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार सख्त कानून बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन RJD, कांग्रेस और वाम दल इसका विरोध कर रहे हैं। पीएम ने कहा—“जिन्होंने पाप किए हैं, वे अपने पाप छिपाते हैं लेकिन उन्हें पता है कि उन्होंने क्या खेल खेला है।”
प्रकाश कुमार पांडेय