ऋषभ पंत Asia Cup 2025 और वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज से बाहर, पैर के फ्रैक्चर ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता

ऋषभ पंत Asia Cup 2025 और वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज से बाहर, पैर के फ्रैक्चर ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता

टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत के फैंस के लिए बुरी खबर आई है। इंग्लैंड दौरे के चौथे टेस्ट में चोटिल हुए पंत अब एशिया कप 2025 से बाहर हो गए हैं। इतना ही नहीं, ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक वह अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 2 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनके पैर में हुआ फ्रैक्चर पूरी तरह ठीक होने में समय ले रहा है, और ऐसे में उनकी वापसी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ही संभव मानी जा रही है। पंत की गैरमौजूदगी टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है, खासकर एशिया कप जैसे अहम टूर्नामेंट से पहले।

कैसे लगी चोट
मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड के क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते समय पंत के पैर पर सीधा प्रहार हुआ। गेंद लगते ही वह दर्द से कराह उठे और मैदान पर पैर भी नहीं रख पा रहे थे। उन्हें मिनी एंबुलेंस के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया। स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके बाद वह सीरीज का आखिरी मैच भी नहीं खेल पाए। इसके बावजूद, जरूरत पड़ने पर उन्होंने अगले दिन बैटिंग की और अर्धशतक भी जड़ा।

एशिया कप और टेस्ट सीरीज से बाहर
एशिया कप 2025 का आयोजन 9 से 28 सितंबर के बीच यूएई में होना है, लेकिन पंत के फ्रैक्चर के चलते वह इस मेगा इवेंट में नहीं खेल पाएंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पंत की रिकवरी का समय लंबा है और वह 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में भी उपलब्ध नहीं होंगे।

कब हो सकती है वापसी
चोट की गंभीरता को देखते हुए टीम इंडिया मैनेजमेंट जल्दबाजी में पंत को मैदान पर नहीं उतारना चाहता। उनकी वापसी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हो सकती है, जहां भारत को 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेलने हैं। अगर तब भी फिटनेस पूरी नहीं होती, तो नवंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में उनकी वापसी की उम्मीद है।

 

 

 

 

Exit mobile version