रक्षाबंधन पर जेब पर भारी सफर! पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद से भोपाल आने का किराया आसमान छूने लगा

रक्षाबंधन पर घर लौटने की खुशी अब लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। फ्लाइट टिकट्स के दाम आसमान छू रहे हैं, खासतौर पर पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों से भोपाल आने वाले यात्रियों को जबरदस्त किराया चुकाना पड़ रहा है। ट्रेनों में पहले ही वेटिंग की लंबी कतारें हैं, प्राइवेट बसों ने मनमाना किराया वसूलना शुरू कर दिया है और अब एयरलाइंस कंपनियों ने भी रक्षाबंधन को मुनाफे का मौका बना लिया है। एयर ट्रैवल के लिए यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए फ्लाइट किराए को डायनामिक फेयर के नाम पर 2 से 3 गुना तक बढ़ा दिया गया है। 6 से 8 अगस्त के बीच फ्लाइट टिकट बुक कराने पर यात्रियों को कई शहरों से भोपाल आने के लिए 10 से 17 हजार तक चुकाने पड़ रहे हैं।

सबसे ज़्यादा किराया हैदराबाद से, बेंगलुरु और पुणे में भी उछाल
इस साल रक्षाबंधन से ठीक पहले हैदराबाद से भोपाल की फ्लाइट का किराया ₹10,000 से ₹17,000 तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यह स्पॉट फेयर ₹6,634 होता है। बेंगलुरु से आने वाले यात्रियों को भी ₹12,000 से ₹15,000 का टिकट खरीदना पड़ रहा है, जबकि पहले यह ₹7,290 था। पुणे से भोपाल की टिकट की कीमत ₹5,681 से सीधी बढ़कर ₹7,000–₹12,000 तक हो गई है।

ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं, बस ऑपरेटर्स भी लूट रहे हैं
रेलवे की हालत भी बेहद खराब है। रक्षाबंधन के चलते ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। वहीं, बस ऑपरेटरों ने भी ‘नेशनल परमिट’ और ‘फ्लेक्सी फेयर’ का नाम लेकर डबल किराया वसूलना शुरू कर दिया है। यात्रियों के पास विकल्प न होने से वे मजबूरी में ये खर्चे उठा रहे हैं।

दिल्ली सस्ती, बाकी शहर महंगे – किराया तुलना में चौंकाने वाले आंकड़े
दिल्ली से भोपाल आने का किराया ₹3,900 स्पॉट फेयर से बढ़कर ₹5,000–₹7,000 हो गया है, जो अन्य शहरों की तुलना में अब भी सस्ता है। इसकी वजह है कि इस रूट पर सबसे ज़्यादा उड़ानें हैं। दिल्ली से इंडिगो की 3 और एयर इंडिया की 2 फ्लाइट्स हर दिन चलती हैं। वहीं, अहमदाबाद, रायपुर, जयपुर जैसे शहरों का किराया भी अब ₹10,000 तक पहुंच रहा है।

शहर स्पॉट फेयर 6 से 8 अगस्त तक
दिल्ली ₹3,900 ₹5,000 – ₹7,000
मुंबई ₹3,499 ₹6,000 – ₹12,000
बेंगलुरु ₹7,290 ₹12,000 – ₹15,000
हैदराबाद ₹6,634 ₹10,000 – ₹17,000
पुणे ₹5,681 ₹7,000 – ₹12,000
अहमदाबाद ₹4,171 ₹5,000 – ₹10,000
रायपुर ₹4,800 ₹5,000 – ₹8,000
जयपुर ₹4,100 ₹5,000 – ₹6,000
Exit mobile version