बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव से पहले माहौल गर्माने के लिए निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा आज 14वें दिन नए राजनीतिक संदेश के साथ आगे बढ़ी। छपरा के एकमा से निकली इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव एक साथ दिखे। खास बात यह रही कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भी नेताओं के साथ जीप पर सवार रहीं। भोजपुर जिले के आरा में आयोजित जनसभा में तीनों नेताओं ने केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा और महागठबंधन की एकजुटता का संदेश दिया।
छपरा से आरा तक राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन
शनिवार सुबह छपरा के एकमा से शुरू हुई यह यात्रा भोजपुर जिले की तरफ बढ़ी। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया। यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने आम जनता से संवाद किया और वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
आरा की जनसभा बनी महागठबंधन की ताकत का मंच
भोजपुर जिले के वीर कुंवर सिंह मैदान में आयोजित जनसभा में राहुल, तेजस्वी और अखिलेश ने एक साथ मंच साझा किया। राहुल गांधी ने कहा कि “बिहार की जनता अपने अधिकारों के लिए लड़ रही है और महागठबंधन उनकी आवाज है।” तेजस्वी यादव ने सरकार की नीतियों को विफल बताते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव लाएगी। वहीं अखिलेश यादव ने यूपी और बिहार की एकजुटता को लोकतंत्र की मजबूती बताया।
बबुरा में हुआ पारंपरिक स्वागत
भोजपुर जिले के प्रवेश द्वार बबुरा में महागठबंधन के नेताओं का पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत किया गया। यहां हाथी, घोड़े और ऊंटों के साथ गोड़ नाच प्रस्तुत किया गया। हजारों की भीड़ ने नेताओं के स्वागत में नारे लगाए। इस भव्य आयोजन ने साफ कर दिया कि वोटर अधिकार यात्रा अब महज एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक बन चुकी है।
भाजपा गढ़ में एंट्री, कांग्रेस की दावेदारी
यह यात्रा भोजपुर जिले की बड़हरा और आरा विधानसभा सीटों से गुजरी, जो वर्तमान में भाजपा के कब्जे में हैं। कांग्रेस ने इन सीटों पर आगामी चुनाव में दावा ठोक दिया है। ऐसे में राहुल गांधी की मौजूदगी को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन और महागठबंधन के रणनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रकाश कुमार पांडेय