Independence Day 2025: बिहार को नीतीश कुमार का बड़ा तोहफ़ा…CM का ऐलान – 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार

बिहार में आने वाले दिनों में विधानसभा के चुनाव होना हैं। ऐसे में सरकार का पूरा फोकस इस समय सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और नई योजनाओं को लागू करने पर है। इस बी राज्य के मुखिया नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के साथ ही बिहार की जनता को संबोधित भी किया। सीएम नीतीश कुमार ने वीर जवानों को नमन करते हुए कहा है कि देश की आज़ादी और एकता में उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

पटना के गांधी मैदान से मुख्यमंत्री का विज़न 2030 ऐलान
सीएम नीतीश कुमार ने अपने भाषण में 2005 से अब तक राज्य में हुए बदलावों का ज़िक्र किया और कानून-व्यवस्था में सुधार को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने से पहले राज्य में पुलिस बल की संख्या 42,481 थी, जो अब बढ़कर 1,10,000 हो गई है। इसे 2,29,000 तक पहुँचाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

10 लाख नौकरियां से 1 करोड़ रोजगार तक की यात्रा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी दे चुकी है और 50 लाख से ज़्यादा को विभिन्न स्वरोज़गार योजनाओं के तहत काम मिला है। अब लक्ष्य है कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार के युवाओं के लिए सुनहरे अवसर खोलेगी और राज्य की आर्थिक स्थिति को नई दिशा देगी।

सरकारी परीक्षाओं में शुल्क में बड़ी छूट
युवाओं को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब राज्य स्तरीय सरकारी नौकरियों की प्रारंभिक परीक्षा का शुल्क सिर्फ 100 रुपये होगा। प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद मुख्य परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह प्रावधान बिहार लोक सेवा आयोग BPSC और राज्य के अन्य आयोगों की परीक्षाओं पर लागू होगा। इस निर्णय से लाखों बेरोजगार युवाओं का आर्थिक बोझ कम होगा।

उद्योगों के लिए मुफ्त जमीन और रोजगार प्रोत्साहन
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि ऐसे उद्योग जो अधिकतम रोजगार देंगे, उन्हें मुफ्त में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य बिहार में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करना और युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार – 7 नए मेडिकल अस्पताल
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के 7 जिलों में नए *मेडिकल अस्पताल* खोले जाएंगे, जिससे ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं मज़बूत होंगी। इससे न केवल स्वास्थ्य सेवाएं सुधरेंगी, बल्कि डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ के लिए भी रोज़गार के अवसर बनेंगे।

त्योहारों पर प्रवासी बिहारियों के लिए विशेष बसें और ट्रेन
बिहार से बाहर रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए सरकार दिल्ली और चंडीगढ़ से होली, दिवाली और छठपूजा पर बड़ी संख्या में विशेष बसें चलाएगी। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से विशेष ट्रेनें चलाने का भी आग्रह किया है, ताकि प्रवासी बिहारी समय पर अपने घर पहुँच सकें। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ये ऐलान स्वतंत्रता दिवस पर राज्य के युवाओं, प्रवासियों और निवेशकों के लिए एक बड़ी सौगात माने जा रहे हैं। उनका कहना है कि रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के चार स्तंभों पर खड़ा एक विकसित बिहार ही उनका लक्ष्य है। अगले पांच साल में इसका स्वरूप साफ़ दिखने लगेगा।

 

Exit mobile version