मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने पुलिस विभाग में 7,500 कॉन्स्टेबल पदों पर सीधी भर्ती का बड़ा ऐलान कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2025 से शुरू होगी और उम्मीदवार 29 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं आवेदन संशोधन की सुविधा 4 अक्टूबर 2025 तक उपलब्ध होगी। भर्ती परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 से किया जाएगा।
कैसे और कहां करें आवेदन
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। उम्मीदवार esb.mp.gov.in वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ESB डायरेक्टर साकेत मालवीय ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया खत्म होते ही परीक्षा केंद्र तय कर दिए जाएंगे। यह परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन समेत 11 शहरों में होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी—सुबह 9:30 से 11:30 और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक।
परीक्षा शुल्क और चयन प्रक्रिया
सामान्य वर्ग: ₹500
SC/ST/OBC/EWS: ₹250
दिव्यांगजन (मप्र निवासी): ₹200
विभागीय परीक्षा (SC/ST/OBC/EWS): ₹100
चयन तीन चरणों में होगा—लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन। परीक्षा का स्तर हाई स्कूल पर आधारित होगा। चयनित उम्मीदवारों को कांस्टेबल (आरक्षक) पद पर नियुक्त किया जाएगा, जिनका वेतनमान ₹19,500 से ₹62,000 प्रतिमाह रहेगा।
आरक्षण को लेकर बड़ा विवाद
इस भर्ती में OBC वर्ग को 27% आरक्षण नहीं दिया गया है। नए नोटिफिकेशन के अनुसार अनारक्षित वर्ग के लिए 27% और 13% काल्पनिक पद अलग रखे गए हैं। वहीं OBC के लिए 14% पद और 13% काल्पनिक पद तय किए गए हैं। इस व्यवस्था से स्पष्ट है कि OBC अभ्यर्थियों को 27% आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा, जिससे असंतोष की स्थिति बन सकती है।
जल्द आएंगी सब इंस्पेक्टर भर्ती
पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि जल्द ही सब इंस्पेक्टर (SI) पदों के लिए भी नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। लिहाजा आने वाले महीनों में युवाओं को पुलिस विभाग में और अवसर मिलेंगे।





