टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने अपने क्रिकेट करियर का एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान प्रतिद्वंद्विता को चर्चा में ला दिया है। इरफान ने बताया कि 2006 के पाकिस्तान दौरे पर एक फ्लाइट में उनकी और शाहिद अफरीदी की तीखी नोकझोंक हो गई थी। इस बहस की शुरुआत अफरीदी ने की थी, लेकिन गुस्से में आकर इरफान ने ऐसा जवाब दिया कि पूरी फ्लाइट में सन्नाटा छा गया। इरफान का यह खुलासा बताता है कि क्रिकेट मैदान पर दिखने वाली भिड़ंतें सिर्फ खेल तक सीमित नहीं थीं, बल्कि खिलाड़ियों के बीच व्यक्तिगत तकरार भी कभी-कभी हद पार कर जाती थी।
अफरीदी ने शुरू की थी बदतमीजी
इरफान पठान के मुताबिक, पाकिस्तान दौरे के दौरान जब दोनों टीमें एक साथ फ्लाइट में सफर कर रही थीं, तभी अफरीदी ने मज़ाक उड़ाते हुए उनके सिर पर हाथ रखकर कहा— “बच्चे कैसे हो?”। इरफान ने इस पर नाराज़गी जताई और पलटकर जवाब दिया कि ये बच्चों जैसी हरकतें हैं। उसी पल से दोनों खिलाड़ियों के बीच माहौल गरमा गया।
अब्दुल रज्जाक भी थे गवाह
इरफान ने बताया कि इस पूरे वाकये में पाकिस्तानी ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान खाने को लेकर हुई हल्की-फुल्की मज़ाक की बात अचानक गंभीर बहस में बदल गई। जब इरफान ने मज़ाक में सवाल किया कि यहां किस तरह का मांस मिलता है, तो अफरीदी ने तंज कसा, जिस पर इरफान भड़क उठे और जवाबी हमला कर बैठे।
गुस्से में निकली कड़वी जुबान
गुस्से में आकर इरफान ने ऐसा तीखा कमेंट कर दिया जिससे अफरीदी बुरी तरह असहज हो गए। उन्होंने कहा कि अफरीदी की हरकतें उन्हें पसंद नहीं आईं और जब उनकी सीमाएं लांघी गईं तो उन्होंने पलटकर करारा जवाब दिया। इस दौरान अफरीदी का गुस्सा सातवें आसमान पर था, लेकिन वो चुप रह गए।
फ्लाइट में छा गया सन्नाटा
इरफान के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने ये बात कही, उसके बाद पूरी फ्लाइट का माहौल अचानक शांत हो गया। खिलाड़ी कुछ भी कहने से बचते दिखे और अफरीदी भी गुस्से के बावजूद खामोश रह गए। यह वाकया बताता है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट सिर्फ मैदान की जंग नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के बीच रिश्तों में भी तनाव गहराई तक मौजूद रहा है





