आईपीएल 2026 से पहले फ्रेंचाइज़ियों के बीच सबसे बड़ा ट्रेड सामने आने वाला है। खबर है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच एक बड़े एक्सचेंज को लेकर बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन की अदला-बदली पर चर्चा लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई है। हालांकि अभी किसी भी टीम ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।जानकारी के अनुसार, अगर इस ट्रेड पर दोनों फ्रेंचाइज़ियों की सहमति बन जाती है तो इसकी रिपोर्ट आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को दी जाएगी। माना जा रहा है कि यह डील मंजूर हो गई तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला ट्रेड साबित होगा। दोनों ही खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए रीढ़ की हड्डी माने जाते हैं और दोनों की कीमत 18-18 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स सीधे एक-के-बदले-एक ट्रेड को लेकर थोड़ा हिचकिचा रही है और वह सीएसके से एक अतिरिक्त खिलाड़ी की मांग कर रही है। यही बात इस डील को अंतिम रूप देने में देरी करा रही है। अगर यह समझौता हो जाता है तो आईपीएल के आने वाले सीज़न में फैंस को बिल्कुल नई टीम कॉम्बिनेशन देखने को मिल सकता है।