नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 का रोमांचक फाइनल भारत ने अपने नाम कर लिया। रोमांच से भरे इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराते हुए लगातार तीसरी बार हरा दिया और 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया। दोनों टीमें पहली बार एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने थीं, लेकिन अंत में तिरंगा लहराया।
तिलक का दम, भारत को दिलाई जीत
भारत की पारी की शुरुआत खराब रही। शुरुआती तीन विकेट सिर्फ 20 रन पर गिर गए थे। शुभमन गिल (12), सूर्यकुमार यादव (1) और अभिषेक शर्मा (5) जल्दी लौट गए। यहां से तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। पहले संजू सैमसन (24) के साथ महत्वपूर्ण अर्धशतकीय साझेदारी की और फिर शिवम दुबे (33) के साथ 60 रन की बड़ी पार्टनरशिप बनाई। तिलक वर्मा अंत तक नाबाद 69 रन बनाकर टीम को जीत तक ले गए। पाकिस्तान के लिए फहीम अशरफ ने 3 विकेट झटके।
हारिस रऊफ बने हार के जिम्मेदार
पाकिस्तान की हार का सबसे बड़ा कारण उनके तेज गेंदबाज हारिस रऊफ बने। उन्होंने अपने 3.4 ओवर में 50 रन लुटा दिए। खासकर 15वें ओवर में 17 रन और 18वें ओवर में 13 रन देकर भारत का दबाव पूरी तरह से हटा दिया। जिस समय पाकिस्तान को वापसी की उम्मीद थी, उसी समय रऊफ की गेंदबाज़ी ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
पाकिस्तान की शानदार शुरुआत, लेकिन अचानक ढह गया किला
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान (50) और फखर जमां की ओपनिंग जोड़ी से मजबूत शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। सिर्फ 33 रन जोड़ते हुए पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई। कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की फिरकी गेंदबाज़ी के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज बिल्कुल असहाय नजर आए। पहले तीन खिलाड़ियों के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
टॉस पर भी पाकिस्तान कप्तान की किरकिरी
मुकाबले से पहले टॉस के समय भी पाकिस्तान को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। कमेंट्री पैनल में मौजूद रवि शास्त्री ने पाक कप्तान सलमान अली आगा से बातचीत नहीं की और केवल वकार युनुस ने उनसे सवाल किए। यह पहली बार हुआ जब टॉस के दौरान दो प्रजेंटर मौजूद रहे और इस दौरान पाकिस्तानी कप्तान की इज़्ज़त का सवाल खड़ा हो गया




