छठ पर्व पर रेल प्रशासन ने कसी कमर
बिहार में आगामी छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने कमर कस ली है। हाजीपुर मुख्यालय के अधीन आने वाले सभी स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बताया कि रेलवे का मुख्य लक्ष्य यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाना और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचना है। इसके लिए इस बार विशेष रणनीति अपनाई गई है ताकि छठ के दौरान लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस बार 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष छठ विशेष ट्रेनों की संख्या 7,500 से बढ़ाकर 12,000 कर दी गई है। छत्रसाल सिंह ने बताया कि त्योहार से पहले बड़ी संख्या में लोग बिहार के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रहे हैं। वहीं, त्योहार के बाद वापसी के दौरान सबसे बड़ी चुनौती आती है, क्योंकि यह अवधि बेहद सीमित होती है। इसे देखते हुए रेलवे ने पहले से ही विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि लौटने वाले यात्रियों को भीड़ या ट्रेनों की कमी का सामना न करना पड़े।
सभी टर्मिनलों पर बनेगा ‘होल्डिंग एरिया’
छठ के दौरान यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे ने सभी प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी प्रतीक्षालय (होल्डिंग एरिया) बनाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार, इन होल्डिंग एरिया का निर्माण कार्य गुरुवार रात (23 अक्टूबर 2025) तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ECR एक ड्रेस रिहर्सल करेगा ताकि हर व्यवस्था की जांच की जा सके। इन एरिया में यात्रियों को बैठने, पीने के पानी, मोबाइल चार्जिंग और चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सुरक्षा और निगरानी पर रहेगा फोकस
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बताया कि छठ के दौरान रेलवे की सभी गतिविधियों की केंद्रीय निगरानी पाटलिपुत्र रेल परिसर से की जाएगी। साथ ही सभी मंडल कार्यालयों में कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं ताकि हर स्टेशन की स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। बिना आरक्षण वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने पर प्रमुख टर्मिनलों से ‘अनाउंसमेंट के बिना’ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा, इस बार छठ पूजा के दौरान सुरक्षाकर्मियों की संख्या में वृद्धि की गई है और रेलवे कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे ताकि यात्री सुरक्षित और सुचारू यात्रा का अनुभव कर सकें।





