उत्तर भारत में धोखेबाज मानसून…IMD की भविष्यवाणी हुई गलत साबित….
Mausam 28 June 2025 शनिवार को भारत के विभिन्न प्रदेशों का मौसम कैसा रहेगा। देशभर में मानसूनी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से घोषित किया गया है, लेकिन उत्तर भारत के राज्यों में यह भविष्यवाणी सटीक साबित नहीं हो रही है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों यह सवाल है कि आखिर झमाझम बारिश कब होगी? जबकि भारतीय मौसम विभाग आईएमडी की मानें तो वीकेंड पर शनिवार को उत्तरप्रदेश के साथ ही बिहार, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश होने के संकेत हैं। कुछ इसी तरह का मौसम पहाड़ी राज्यों के साथ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में रहने का अनुमान जताया गया है…तो आइये जानते हैं आज वीकेंड पर शनिवार को देशभर में मौसम कैसा रहेगा?
शनिवार को भी उत्तर भारत में मानसून की सही एंट्री का इंतजार बना रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की बीते कई दिनों की बारिश संबंधी भविष्यवाणियां पूरी तरह विफल नजर आ रही हैं। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में काले बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बारिश की बूंदें ज़मीन पर नहीं गिर रही हैं। इससे गर्मी और उमस लगातार लोगों को परेशान कर रही है।
दिल्ली का हाल
राजधानी दिल्ली में कई दिनों से बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन आसमान से बूंदें गिरने का नाम नहीं ले रहीं। IMD ने शुक्रवार को फिर से अलर्ट जारी कर कहा कि अगले 48 घंटों (शनिवार-रविवार) के दौरान दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37°C के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार
उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल बेहद सुस्त है। IMD ने 28 जून से 3 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और बौछारों की चेतावनी दी है। हालांकि भारी वर्षा की उम्मीद कम है, लेकिन छिटपुट बारिश से मौसम हल्का राहत भरा हो सकता है। कमोबेश ऐसा ही हाल बिहार का भी है, जहां गर्मी के बीच बादलों की उमड़-घुमड़ से उम्मीदें बनती-बिगड़ती रहीं।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में आफत की बारिश
उधर, उत्तर भारत के पर्वतीय राज्य बारिश से बेहाल हैं। हिमाचल प्रदेश के मनाली में अंजनी महादेव क्षेत्र के पास भारी वर्षा के चलते ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। उत्तराखंड में केदारनाथ और आसपास के क्षेत्रों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। इन राज्यों के लिए IMD ने अगले 2–3 दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में सक्रिय मानसून
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, ओडिशा और सिक्किम में अगले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में मानसून ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों — केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु — में लगातार बारिश जारी है। कुछ इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक बाधित होने की खबरें भी आई हैं। उत्तर भारत अभी भी मानसून की तेज़ बारिश का इंतजार कर रहा है, जबकि पहाड़ी राज्यों में यह बारिश विनाशकारी रूप ले चुकी है। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिससे वहां के हालात सामान्य लेकिन सतर्कता योग्य हैं। IMD की असफल भविष्यवाणियों के बीच जनता उम्मीद कर रही है कि जुलाई की शुरुआत मानसूनी राहत लेकर आए।..( प्रकाश कुमार पांडेय)