होली रंग, मस्ती और उमंग का त्योहार है, लेकिन जितनी खुशी हमें रंगों से मिलती है, उतना ही नुकसान हमारी त्वचा और बाल झेलते हैं। अक्सर लोग होली के बाद रूखापन, खुजली, रैशेज, जलन और बालों के झड़ने जैसी समस्याओं से परेशान हो जाते हैं। असल परेशानी रंग खेलने के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले शुरू होती है, जब हम बिना तैयारी के घर से निकल जाते हैं।
केमिकल रंग, तेज धूप और बाद में बार-बार नहाना त्वचा और बालों की प्राकृतिक नमी छीन लेता है। अगर थोड़ी सी समझदारी पहले ही दिखा ली जाए, तो होली के रंग नुकसान नहीं, बल्कि सिर्फ खुशियां ही देंगे। हेल्थ एक्सपर्ट्स और Tata 1mg की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपनी स्किन और हेयर को सुरक्षित रख सकते हैं।
सबसे पहले बालों में अच्छे से तेल लगाना बेहद जरूरी है। सूखे बालों में रंग जल्दी चिपक जाते हैं और बाद में निकलना मुश्किल हो जाता है। घर से निकलने से पहले नारियल, बादाम या सरसों के तेल से जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह मसाज करें और बालों को चोटी या जूड़े में बांध लें।
त्वचा के लिए मोटी परत में मॉइश्चराइजर लगाएं। चेहरा, गर्दन, हाथ-पैर और कानों के पीछे भी न भूलें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा नारियल या ऑलिव ऑयल लगाकर नमी को लॉक कर सकते हैं।
होली बाहर खेली जाती है, इसलिए कम से कम SPF 30 वाला सनस्क्रीन 20 मिनट पहले जरूर लगाएं। इससे टैनिंग और जलन से बचाव होगा। थोड़ी सी तैयारी आपकी होली को सच में “हैप्पी होली” बना देगी




