हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी: जानिए कौन हैं दुल्हन अमरीन सेखो?
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में इन दिनों चर्चा का केंद्र बने हुए हैं लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह। वजह है उनकी दूसरी शादी। सोमवार को चंडीगढ़ में उनका विवाह प्रोफेसर अमरीन सेखो के साथ संपन्न हो रहा है। शादी का समारोह परिवार और करीबी मित्रों की मौजूदगी में आयोजित किया गया है। इसके बाद 24 सितंबर को शिमला के होटल मरीना में रिसेप्शन होगा, जिसमें सीमित मेहमान ही शामिल होंगे।
कौन हैं अमरीन सेखो?
विक्रमादित्य सिंह की दुल्हन डॉ. अमरीन सेखो शिक्षा और अकादमिक जगत से जुड़ी हुई हैं। अमरीन ने इंग्लिश और साइकोलॉजी में डबल मास्टर्स किया है। वे साइकोलॉजी में पीएचडी डिग्री धारक हैं। वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से भी उच्च शिक्षा प्राप्त की है। अमरीन का संबंध एक प्रतिष्ठित सिख परिवार से है। उनके पिता का नाम सरदार जोतिंदर सिंह सेखो और मां का नाम ओपिंदर कौर है।
विक्रमादित्य सिंह: विरासत और राजनीतिक सफर
17 अक्टूबर 1989 को जन्मे विक्रमादित्य सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। यानी वे हिमाचल की राजनीति में एक मजबूत राजनीतिक विरासत के उत्तराधिकारी हैं। वे वर्तमान में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। मंत्री परिषद में उन्हें लोक निर्माण और शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ष 2024 में उन्होंने मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उनका मुकाबला अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत से हुआ था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। राजनीति के अलावा वे नेशनल लेवल ट्रैप शूटर भी रह चुके हैं और वर्ष 2007 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उनकी शिक्षा शिमला के बिशप कॉटन स्कूल और दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से हुई है।
पहली शादी और तलाक
विक्रमादित्य सिंह की पहली शादी वर्ष 2019 में राजस्थान के आमेट की राजकुमारी सुदर्शना चुंडावत से हुई थी। यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका और नवंबर 2024 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने अपने पुराने मित्रवत संबंधों को आगे बढ़ाते हुए अमरीन से विवाह करने का निर्णय लिया।
शादी की तैयारी और उत्सव
विक्रमादित्य का शिमला स्थित पारिवारिक आवास हॉलीलॉज को शादी के मौके पर विशेष रूप से सजाया गया है। चंडीगढ़ में हुए विवाह के बाद शिमला रिसेप्शन को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि शादी पूरी तरह पारिवारिक और सादगीपूर्ण माहौल में की जा रही है। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक युवा चेहरे के रूप में पहचान बना चुके विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी से उनकी निजी जिंदगी पर सबकी निगाहें हैं। अमरीन सेखो का उच्च शिक्षित और प्रोफेशनल बैकग्राउंड इस रिश्ते को खास बनाता है। राजनीतिक और व्यक्तिगत मोर्चे पर उतार-चढ़ाव देख चुके विक्रमादित्य अब अपने नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं। प्रकाश कुमार पांडेय