‘कल्पना’ नहीं हुई साकार…झारखंड में अब चंपई सरकार …हेमंत सोरेन का इस्तीफा

Hemant Soren Jharkhand Chief Minister resignation Champai Soren CM

हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर अब नए सीएम चंपई सोरेन होंगे। दरअसल हेमंत सोरेन पर धनशोधन मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। बाद में ईडी ने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने झामुमो और सत्तारूढ़ गठबंधन के दल के विधायकों के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया है। बैठक में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं थी। बैठक के बाद माना जा रहा था कि सोरेन के इस्तीफा देने पर कल्पना को सीएम की कुर्सी पर बैठाया जा सकता है, लेकिन हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देकर वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन को सीएम बनाया है। बता दें सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने राज्य के नए सीएम के रूप में चंपई सोरेन के नाम का प्रस्ताव दिया था, जिसे मंजूर कर लिया गया। दरअसल भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी द्वारा लगभग सात घंटे की पूछताछ की गई। इसके बाद हेमंत सोरेन ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया है।

कांग्रेस विधायक राजेश ठाकुर ने हेमंत सोरेन के इस्तीफे को लेकर कहा हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। वरिष्ठ विधायक चंपई सोरेन को विधायक दल के नेता के रुप में चुना गया है। कांग्रेस के सभी विधायक साथ हैं। बता दें झारखंड मुक्ति मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माजी का भी बयान सामने आया है। माजी ने हेमंत सोरेन को ईडी की हिरासत बताते हुए कहा सोरेन ईडी की हिरासत में ही राजभवन पहुंचे। जहां उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।

झारखंड में सियासी घमासान के बीच चंपई सोरेन को झामुमो विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही नई सरकार के लिए करीब 43 विधायकों का समर्थन पत्र भी राज्यपाल को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही चंपई सोरेन ने सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। झारखंड में चंपई टाइगर नाम से फेमस हैं। मंत्री बन्ना गुप्ता ने बयान देते हुए कहा है कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबरें चलाई जा रही थीं। लेकिन ये खबरें काल्पनिक थीं।

Exit mobile version