झमाझम मानसून: इन 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट…पहाड़ी इलाकों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा
देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और लगभग हर क्षेत्र में किसी न किसी रूप में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 19 राज्यों में आगामी दिनों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। कहीं रिमझिम फुहारें राहत दे रही हैं, तो कहीं झमाझम बारिश आफत बनकर टूट रही है। विशेष रूप से मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में यह स्थिति बनी हुई है।
देशभर में सक्रिय मानसून
झमाझम बारिश से राहत और आफत
13 जुलाई रविवार को मानसून की यह स्थिति चरम पर रहेगी। दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड-हिमाचल में आफत बनी बारिश, दर्जनों सड़कें बंद
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश ने कहर मचा रखा है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भारी बारिश के चलते भूस्खलन में 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं हिमाचल प्रदेश में स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां 184 से अधिक सड़कें बारिश के कारण बंद हो गई हैं। इसके अलावा बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 92 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 33 लोग अब भी लापता हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड के कई जिलों में भूस्खलन, नदियों के उफान और सड़कों के कटाव जैसी घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। वहीं प्रशासन की ओर से लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मध्य और पश्चिम भारत में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने मध्य भारत के राज्यों में आगामी दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 14 और 15 जुलाई को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। गुजरात में 17 जुलाई तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी, खासकर सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र में 13 और 14 जुलाई को तथा कोंकण और गोवा में 17 जुलाई तक बारिश की गतिविधियाँ बनी रहेंगी। बारिश से जहां फसलों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। शासन-प्रशासन ने स्थानीय निकायों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में भी झमाझम बारिश की संभावना
- पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून की मेहरबानी बनी हुई है।
- असम और मेघालय में 13 से 17 जुलाई,
- मिजोरम के साथ त्रिपुरा में 13 से 15 जुलाई और
- अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 जुलाई तक अच्छी बारिश के आसार हैं।
- वहीं पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
ओडिशा में 16 जुलाई तक बारिश की चेतावनी दी गई है। बिहार में 15 और 16 जुलाई को दो दिन अच्छी बारिश का अनुमान आईएमडी की ओर से जताया गया है। इन इलाकों में नदी जलस्तर पर विशेष नजर रखी जा रही है क्योंकि लगातार बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ गया है।
दिल्ली-NCR: बादल छाएंगे, गरज के साथ छींटे संभव
दिल्ली और एनसीआर में रविवार, 13 जुलाई को मौसम आंशिक रूप से बदला रहेगा। सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा और 25-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। IMD के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1-3 डिग्री तक कम हो सकता है। जबकि 17 जुलाई तक यहां रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बारिश के चलते दिल्ली के लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक की समस्या से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मानसून का यह दौर भारत के लिए एक दोधारी तलवार की तरह है। जहां एक ओर बारिश से गर्मी से राहत और कृषि को संजीवनी मिल रही है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं चिंता का कारण बन रही हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए राज्य प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहना आवश्यक है।
कानपुर में ट्रैक धंसा
मंडला में बाढ़, 7 मृत
राजस्थान में तेज बारिश
उत्तर भारत में भारी बारिश का कहर जारी है। कानपुर में रेलवे ट्रैक धंसने के कारण कालिंदी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहां अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उधर, राजस्थान के 13 जिलों में भी मूसलधार बारिश हुई है, जहां 4 इंच तक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।…(प्रकाश कुमार पांडेय)