भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिनभर लोग बेहाल नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में भी लू जैसे हालात बने रह सकते हैं।
पश्चिम मध्य प्रदेश में खंडवा और खरगोन सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे। खरगोन में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खंडवा और रतलाम में पारा 44.5 डिग्री तक पहुंच गया। उज्जैन में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि इंदौर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ग्वालियर में तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया।
पूर्वी मध्य प्रदेश भी गर्मी से तपता रहा। दमोह और खजुराहो में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सागर में 43.6, नरसिंहपुर और भोपाल में 43.4, जबलपुर में 43.3 और सतना में 43.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रीवा में भी पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक सुबह की तुलना में शाम के समय आर्द्रता में कमी आने से गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हुआ। हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। सिवनी में 6.6 मिमी बारिश हुई, जबकि जबलपुर और मंडला में हल्की बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई गई है।