हरिद्वार कुंभ-2027…चुनाव से पहले धामी सरकार की परीक्षा…12 जनवरी से 25 फरवरी तक महा आयोजन

Haridwar Kumbh 2027

हरिद्वार कुंभ-2027 में इस बार आस्था की डुबकी के साथ मानव सेवा की एक बड़ी पहल भी देखने को मिलेगी। कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की आंखों की रोशनी सुरक्षित रखने के लिए 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद किया। इस महाअभियान के तहत डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। आइये देखते हैं यह खास रिपोर्ट

कुंभ में आस्था के साथ सेवा का महायज्ञ
डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को मिलेगी नई दृष्टि
नेत्र कुंभ का शंखनाद, सेवा का नया आगाज
डेढ़ लाख की जांच, आंखों का उपचार
एक लाख चश्मे, रोशन होंगे सपने
दस हजार ऑपरेशन, नई रोशनी का मिशन
45 दिन सेवा अभियान, श्रद्धालुओं को वरदान

आस्था के महापर्व कुंभ में इस बार सेवा और परोपकार की नई मिसाल देखने को मिलेगी। हरिद्वार में नेत्र कुंभ-2027 के जरिए हजारों जरूरतमंदों की जिंदगी में रोशनी लाने की तैयारी है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित शंखनाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सेवा अभियान में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़ी संस्था सक्षम और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना की।

12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक चलने वाले इस 45 दिवसीय महाशिविर में बड़े स्तर पर नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क आंखों की जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यानी कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को आस्था के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का उपहार भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। कुंभ केवल धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी महापर्व है। नेत्र कुंभ इसी भावना को जमीन पर उतारने का महत्वपूर्ण प्रयास है। आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण बहुत से लोग आंखों का उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा पहुंचाना वास्तव में सराहनीय पहल है।

नेत्र कुंभ का यह सेवा अभियान नया नहीं है। इसकी शुरुआत वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए गए। इन आयोजनों के जरिए लाखों लोगों की आंखों की जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। अब हरिद्वार में इसका और व्यापक स्वरूप देखने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन समिति को भरोसा दिलाया कि नेत्र कुंभ की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन हरसंभव सहयोग देगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। सरकार आगामी हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटी है।

कुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का संगम होगा, तो नेत्र कुंभ के माध्यम से मानव सेवा की अनूठी मिसाल भी बनेगी। डेढ़ लाख आंखों की जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य। यह पहल उन जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी लाने का प्रयास है, जिनके लिए बेहतर इलाज अब तक आर्थिक मजबूरी बना हुआ था। आस्था के महापर्व में सेवा का यह संकल्प निश्चित रूप से कुंभ की सामाजिक और मानवीय पहचान को और मजबूत करेगा।

Exit mobile version