चीनी उपराष्ट्रपति हान चंग ने मंगलवार को राजधानी पेइचिंग में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा
सलाहकार और सीमा मुद्दे पर भारत के विशेष प्रतिनिधि अजीत डोभाल से मुलाकात की। दोनों
पक्षों ने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने
के तरीकों पर चर्चा की। यह मुलाकात भारत और चीन के बीच सीमा मुद्दे पर 25वें दौर की विशेष
प्रतिनिधि वार्ता से पहले हुई।
इस मौके पर हान चंग ने कहा कि पिछले दो वर्षों में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और भारतीय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कज़ान और थ्येनचिन में दो बार मुलाकात हुई है। इन बैठकों में
द्विपक्षीय संबंधों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण सहमतियां बनी हैं, जिससे दोनों देशों के संबंध
सुधार की राह पर आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि चीन और भारत दो पड़ोसी विकासशील
महाशक्तियां और प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाएं हैं। दोनों देशों को अपने संबंधों को रणनीतिक और
दीर्घकालिक नजरिए से देखना चाहिए, आपसी रणनीतिक विश्वास बढ़ाना चाहिए, सहयोग की
संभावनाएं तलाशनी चाहिए, बहुपक्षीय समन्वय मजबूत करना चाहिए और मतभेदों का उचित
प्रबंधन करना चाहिए।
वहीं, डोभाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के साथ संबंधों को काफी महत्व देते हैं और
चीन की विकास उपलब्धियों की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया की दो सबसे अधिक
आबादी वाली और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं के रूप में भारत और चीन के बीच सहयोग के
महत्वपूर्ण अवसर मौजूद हैं। भारत चीन के साथ पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को गहरा करने,
सीमा मुद्दे का उचित समाधान करने और द्विपक्षीय संबंधों में नई प्रगति हासिल करने के लिए
तैयार है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)