देशभर में 22 सितंबर से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। मां दुर्गा की भक्ति और आस्था से जुड़े इस अवसर पर सरकार और प्रशासन भी आम जनता के लिए कई नई पहलें कर रहे हैं। इसी क्रम में 22 से 29 सितंबर तक ‘GST बचत उत्सव’ मनाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य है कि लोगों को GST दरों में कटौती और इससे होने वाली बचत के बारे में जागरूक किया जा सके।
22 से 29 सितंबर तक मनेगा ‘GST बचत उत्सव
रेट कट पर किया जाएगा लोगों को जागरूक
‘GST बचत उत्सव’ क्या है?
यह विशेष कार्यक्रम वित्त मंत्रालय और राज्य सरकारों के सहयोग से चलाया जाएगा। एक सप्ताह तक चलने वाले इस आयोजन में बाजारों, मॉल्स और रिटेल दुकानों में लोगों को जानकारी दी जाएगी कि किस सामान और सेवा पर हाल ही में GST दरों में कटौती हुई है और इससे आम जनता को कितनी राहत मिलेगी।
22 से 29 सितंबर तक चलेगा कार्यक्रम।
बड़े शहरों के मॉल, बाजार और रेजिडेंशियल एरिया में कैंप और जागरूकता अभियान। पोस्टर, डिजिटल स्क्रीन और हेल्प डेस्क के जरिए जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर उपभोक्ता को टैक्स कटौती का प्रत्यक्ष लाभ मिले। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक सूचना कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता को बचत के प्रति प्रेरित करने वाला उत्सव भी होगा।
नवरात्रि के मौके पर विशेष रंग
चूंकि यह पहल नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू हो रही है, इसलिए पूरे देशभर में इसका धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव भी देखने को मिलेगा। मॉल और बाजारों में नवरात्रि थीम पर सजावट होगी, साथ ही जागरूकता पोस्टरों और डिजिटल स्क्रीन पर “बचत भी, भक्ति भी” जैसे स्लोगन दिखाई देंगे। सरकार चाहती है कि त्योहारी खरीदारी करने आए लोग यह समझें कि GST कटौती का लाभ उनकी जेब पर सीधा असर डाल रहा है।
‘GST बचत उत्सव’ से सरकार की मंशा
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार ‘GST बचत उत्सव’ के जरिए दो बड़े लक्ष्यों को साधना चाहती है कि आर्थिक मोर्चे पर जनता का विश्वास बढ़ाना – ताकि उपभोक्ता समझें कि टैक्स कटौती का लाभ सीधे उन्हें मिल रहा है। त्योहारी सीजन में खरीदारी को बढ़ावा देना – जिससे बाजार में मांग बढ़े और अर्थव्यवस्था को गति मिले।
22 सितंबर से शुरू होने वाला यह सप्ताह देशभर में दो मायनों में खास रहेगा। एक ओर भक्ति और आस्था का पर्व नवरात्रि। दूसरी ओर आर्थिक बचत और जागरूकता का ‘GST उत्सव’। जहां मंदिरों और पंडालों में भक्त मां दुर्गा की आराधना करेंगे, वहीं बाजारों और मॉल्स में उपभोक्ता समझेंगे कि GST दर कटौती उनकी जेब के लिए कितना फायदेमंद है। हालांकि, इस बीच मीट की दुकानों और गरबा पंडालों को लेकर उठी राजनीतिक और धार्मिक बहस माहौल को गरमा रही है। लेकिन इसके बावजूद सरकार की उम्मीद है कि ‘GST बचत उत्सव’ जनता में सकारात्मक संदेश देगा और त्योहारी सीजन को और खास बनाएगा। (प्रकाश कुमार पांडेय)