भोपाल में पहली बार महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का भव्य आगाज: भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर जीत के साथ की शुरुआत; सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया शुभारंभ

भोपाल: राजधानी भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में मेजबान भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 4-1 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर अपने विजय अभियान की शुरुआत की।
खेलों और हॉकी के स्वर्णिम दौर की वापसी: मुख्यमंत्री
शुभारंभ अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार महिला हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव और उपलब्धि का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में खेलों के प्रति एक सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेलों के अधोसंरचना विकास (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और आधुनिक सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि हमारा राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है।
भारतीय टीम की जर्सी का विमोचन और पूर्व ओलंपियनों का सम्मान
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय महिला हॉकी टीम की आधिकारिक स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन किया। इस विशेष अवसर पर उन्होंने देश का गौरव बढ़ाने वाले पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में उपलब्ध अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेश के खेल और खिलाड़ियों के लिए एक स्वर्णिम दिवस है।
छह देशों की टीमें ले रहीं हिस्सा, सीएम ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में मेजबान भारत सहित कुल छह देशों की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश कर रही हैं। पहले मुकाबले से पूर्व मुख्यमंत्री ने भारत और मलेशिया दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मैच के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं दर्शकों और खेल पदाधिकारियों के साथ मौजूद रहे और भारतीय टीम का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सभी देशों के खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में अपनी पूरी क्षमता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और मध्यप्रदेश की समृद्ध अतिथि सत्कार परंपरा की सुखद अनुभूति लेकर लौटेंगे।
Exit mobile version