योगी सरकार ने शुरु की ‘श्रीअन्न’ की खरीद… किसानों के लिए राहत बना ये फेसला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए श्रीअन्न (मोटे अनाज) की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू हो गई है जो 31 दिसंबर तक चलेगी। इस अवधि में सरकार मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद करेगी। योगी सरकार ने किसानों को आश्वासन दिया है कि बिचौलियों को रोकते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से होगी और किसानों को 48 घंटे के भीतर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर भुगतान किया जा रहा है।
- पहली अक्टूबर से ‘श्रीअन्न’ की खरीद का आगाज
- किसानों को 48 घंटे में किया जा रहा भुगतान
- जानें समर्थन मूल्य और खरीद लक्ष्य
किसानों के लिए अनिवार्य पंजीकरण
खाद्य एवं रसद विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीद केवल उन्हीं किसानों से की जा रही है, जिन्होंने अपना पंजीकरण कराया है। इसके लिए किसान fcs.up.gov.in या UP Kisan Mitra ऐप पर किसान पंजीकरण और नवीनीकरण कर सकते हैं। भुगतान सीधे आधार-लिंक्ड बैंक खातों में किया जाएगा।
समर्थन मूल्य (MSP) तय
सरकार ने श्रीअन्न की खरीद के लिए योगी सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किए हैं।
- ज्वार (मालदांडी): ₹3749 प्रति क्विंटल
- ज्वार (हाईब्रिड): ₹3699 प्रति क्विंटल
- बाजरा: ₹2775 प्रति क्विंटल
- मक्का: ₹2400 प्रति क्विंटल
पारदर्शी व्यवस्था और बायोमीट्रिक सत्यापन
सरकार ने साफ किया है कि खरीद केंद्रों पर ई-पॉइंट ऑफ परचेज (e-POP) डिवाइस के माध्यम से किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य बिचौलियों को रोकना और असली किसानों तक भुगतान सुनिश्चित करना है।
मक्का खरीद वाले जिले
मक्का की खरीद 25 जिलों में होगी, जिनमें प्रमुख हैं—बदायूं, बुलंदशहर, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर-देहात, कन्नौज, औरैया, इटावा, गोंडा, बहराइच, बलिया, जौनपुर, फर्रुखाबाद, मीरजापुर, सोनभद्र, देवरिया व ललितपुर।
बाजरा खरीद वाले जिले
33 जिलों में बाजरा खरीदा जाएगा, जिनमें बदायूं, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, रामपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, इटावा, फतेहपुर, प्रयागराज, गाजीपुर, जौनपुर, कौशांबी, मीरजापुर, बलिया, उन्नाव, हरदोई आदि शामिल हैं।
ज्वार खरीद वाले जिले
ज्वार की खरीद 11 जिलों में होगी—बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर-देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर व जालौन।
किसानों के लिए हेल्पलाइन और सहयोग
किसान अपनी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वे अपने जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी या विपणन निरीक्षक से भी मदद ले सकते हैं। योगी सरकार की ओर से ‘श्रीअन्न’ की खरीद किसानों के लिए राहत की बड़ी पहल मानी जा रही है। एक ओर जहां न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी उपज की गारंटी दी गई है, वहीं दूसरी ओर 48 घंटे में सीधे बैंक खाते में भुगतान की व्यवस्था से किसानों को समय पर नकदी उपलब्ध होगी। सरकार का लक्ष्य है कि खरीफ विपणन वर्ष में अधिकतम किसानों को योजना से जोड़ा जाए और मोटे अनाज की खेती को प्रोत्साहन मिले। (प्रकाश कुमार पांडेय)