अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ ऐलान का असर वैश्विक बाजार पर साफ नजर आने लगा है। ट्रेड वॉर की आशंका के चलते निवेशकों का रुझान सेफ हेवन एसेट गोल्ड की तरफ बढ़ गया है। इसका सीधा असर भारत के सोने और चांदी के दाम पर भी पड़ा है, जहां शुक्रवार को दोनों धातुओं में तेज़ी देखने को मिली।
सोने की कीमत 97,470 के पार
एमसीएक्स पर शुक्रवार दोपहर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव ₹726 की बढ़त के साथ ₹97,417 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट गोल्ड का भाव ₹97,470 पर ट्रेड कर रहा है, जबकि 22 कैरेट गोल्ड ₹95,130, 20 कैरेट ₹86,750, 18 कैरेट ₹78,950 और 14 कैरेट ₹62,870 प्रति 10 ग्राम पर है।
चांदी में भी जोरदार तेजी
चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव ₹1,829 की बढ़त के साथ ₹1,10,952 प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की मांग बढ़ने से यह तेजी दर्ज की गई है।
ट्रेड वॉर की आहट, निवेशकों का रुझान गोल्ड की ओर
डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आयात पर 35% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है और संकेत दिया है कि अन्य देशों पर भी 15–20% बेसलाइन टैरिफ लागू हो सकता है। इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अनिश्चितता बढ़ गई है। डॉलर इंडेक्स में मजबूती के चलते भी अन्य करेंसीज़ में सोना और महंगा हो गया है।





