शादी-ब्याह और पारिवारिक आयोजनों के बाद अब सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों की तपिश मंदिरों तक पहुंच गई है। महंगे होते कीमती धातुओं के चलते भगवान के शृंगार की लागत भी तेजी से बढ़ी है। इसका सीधा असर न सिर्फ भक्तों पर पड़ रहा है, बल्कि मंदिर प्रबंधन के सामने भी नई आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है। पहले जो शृंगार सीमित खर्च में हो जाता था, वही अब कहीं ज्यादा महंगा साबित हो रहा है।
महंगाई की मार: भगवान का शृंगार भी हुआ महंगा
मंदिरों में राम-सीता, राधाकृष्ण सहित अन्य देवी-देवताओं को स्वर्ण और रजत आभूषण धारण कराए जाते हैं। बालाजी, भैरुजी और कई प्रतिमाओं का शृंगार सोने-चांदी के वर्क से किया जाता है। लेकिन धातुओं के दाम बढ़ने से वर्क की कीमतों में भारी उछाल आया है। मंदिर संचालकों के मुताबिक, चांदी के वर्क से होने वाला शृंगार जो पहले 1500 से 2000 रुपये में पूरा हो जाता था, अब करीब 4 हजार रुपये तक पहुंच गया है।
कारीगरों की राय: अब सामूहिक शृंगार का चलन
विभिन्न मंदिरों में शृंगार का काम करने वाले कारीगर आशीष शर्मा बताते हैं कि स्वर्ण शृंगार की लागत अब इतनी बढ़ गई है कि एक व्यक्ति के लिए इसे कराना मुश्किल हो गया है। पहले जहां 70 हजार रुपये में सोने का शृंगार हो जाता था, अब वही खर्च सवा लाख रुपये तक पहुंच गया है। इसी वजह से अब कई जगह भक्त मिलकर सामूहिक रूप से शृंगार करवा रहे हैं।
वर्क के दामों में बड़ा उछाल
चांदी वर्क का जो रोल पहले 700 से 800 रुपये में मिल जाता था, उसकी कीमत अब 2800 से 2900 रुपये तक पहुंच चुकी है। एक प्रतिमा के लिए कम से कम एक रोल जरूरी होता है। प्रतिमा का आकार बड़ा होने पर खर्च और बढ़ जाता है। नतीजतन, शृंगार की कुल लागत पहले के मुकाबले लगभग दोगुनी हो गई है।
07 फरवरी: सोने-चांदी से जुड़े शृंगार खर्च (स्थानीय बाजार)
| शहर | चांदी वर्क (1 रोल) | चांदी वर्क से शृंगार | स्वर्ण वर्क से शृंगार |
|---|---|---|---|
| भोपाल | ₹2800–2900 | ₹3000–4000 | ₹1,25,000 तक |
| कोटा | ₹2800–2900 | ₹3000–4000 | ₹1,25,000 तक |
| जयपुर | ₹2800–2900 | ₹3000–4000 | ₹1,25,000 तक |
| दिल्ली | ₹2800–2900 | ₹3000–4000 | ₹1,25,000 तक |
| मुंबई | ₹2800–2900 | ₹3000–4000 | ₹1,25,000 तक |
नोट- हमारे द्वारा दी गई सोने-चांदी की दरें सांकेतिक हैं और इसमें जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं हैं. सटीक दरों के लिए अपने स्थानीय जौहरी या ज्वैलर्स शॉप से संपर्क करें.