साल 2025 सोने के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ है। इस पूरे साल में सोने ने निवेशकों को ऐसा रिटर्न दिया है, जो बीते कई दशकों में कभी देखने को नहीं मिला। जनवरी की शुरुआत में जहां सोना करीब 78,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास था, वहीं दिसंबर आते-आते इसकी कीमत 1,37,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। यानी एक ही साल में करीब 73 से 75 फीसदी की जोरदार बढ़त दर्ज की गई, जो पिछले 46 वर्षों में सबसे बड़ी छलांग मानी जा रही है।
MCX पर सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड
कमोडिटी बाजार की बात करें तो MCX पर सोने ने 1,35,590 रुपये प्रति 10 ग्राम का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर छू लिया है। शुक्रवार को बाजार बंद होते समय यह करीब 1,34,200 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा। इससे साफ है कि अनिश्चित वैश्विक हालात में निवेशक अब भी सोने को सबसे सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।
चांदी ने भी नहीं किया निराश
सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी ने भी 2025 में निवेशकों को चौंकाया है। अक्टूबर 2023 के बाद से देखें तो सोने की कीमतों में 139 फीसदी तक की बढ़त आ चुकी है, जबकि चांदी इस साल करीब 100 फीसदी तक चढ़ चुकी है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती के बाद ग्लोबल मार्केट में चांदी ने नया रिकॉर्ड स्तर भी छू लिया।
2026 में क्या रहेगी तेजी?
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि 2026 में भी सोना और चांदी मजबूती बनाए रख सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर कीमतों में हल्की गिरावट आती है तो यह लंबी अवधि के निवेशकों के लिए खरीदारी का अच्छा मौका हो सकता है। जो निवेशक पहले से निचले स्तर पर एंट्री कर चुके हैं, वे आंशिक मुनाफावसूली के साथ अपने पोर्टफोलियो को संतुलित रख सकते हैं। नए निवेशकों के लिए धीरे-धीरे निवेश यानी DCA रणनीति को सबसे सुरक्षित बताया जा रहा है।
20 दिसंबर 2025: सोना-चांदी के ताजा भाव (प्रति 10 ग्राम / 1 किलो)
| शहर | सोना (₹/10 ग्राम) | चांदी (₹/किलो) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 1,37,000 | 1,54,900 |
| मुंबई | 1,36,800 | 1,54,500 |
| कोलकाता | 1,36,900 | 1,54,700 |
| चेन्नई | 1,37,200 | 1,55,200 |
| भोपाल | 1,36,700 | 1,54,600 |
| जयपुर | 1,36,850 | 1,54,800 |
नोट- हमारे द्वारा दी गई सोने-चांदी की दरें सांकेतिक हैं और इसमें जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं हैं. सटीक दरों के लिए अपने स्थानीय जौहरी या ज्वैलर्स शॉप से संपर्क करें.