गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम पर मजाकिया कॉमेंट के बाद बिगड़े रिश्ते ने ऐसा मोड़ लिया कि तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही करीबी को बहाने से घुमाने ले जाकर 27 बार चाकू और छुरी से वार कर दिया। घटना से पहले आरोपी उसे छोले-भटूरे भी खिलाते रहे ताकि कोई शक न हो। पुलिस ने दो दिन बाद मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टा पर हुआ विवाद बना वारदात की वजह
पुलिस के मुताबिक, रिहान और आरोपी वसीम के बीच इंस्टाग्राम पर मजाकिया कॉमेंट को लेकर विवाद हुआ था। पहले मामला गाली-गलौज तक पहुंचा, फिर मारपीट हुई। इसके बाद वसीम ने अपने दोस्तों साहिल और पंडत के साथ मिलकर साजिश रची। वो दोबारा रिहान से दोस्ती करने लगा और यहीं से शुरू हुई वारदात की प्लानिंग।
खिलाए छोले-भटूरे, फिर दोस्ती के नाम पर ले गए जंगल
मंगलवार को आरोपी रिहान के घर पहुंचे और घुमाने के बहाने उसे इलायचीपुर गांव ले गए। रास्ते में उसे छोले-भटूरे भी खिलाए गए ताकि किसी को शक न हो। रिहान को भरोसे में लेकर उसे जंगल में ले जाया गया, जहां पहले साहिल ने उसे पीछे से पकड़ा और फिर वसीम और पंडत ने मिलकर ताबड़तोड़ वार किए।
27 वार के बाद भाग निकले आरोपी, हथियार भी बरामद
रिहान को बेसुध करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। जाते-जाते एक ने छुरी घटनास्थल पर गिरा दी, जबकि दूसरे ने चाकू कीकर के पेड़ के पास छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रिहान के शरीर पर 27 घाव मिले हैं। वह एसी-मैकेनिक का काम सीख रहा था और उसके पिता दुबई में नौकरी करते हैं।
पुलिस ने किया तीनों को गिरफ्तार
इलायचीपुर के जंगल में शव मिलने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो शक दोस्तों पर गया। रिहान की मां की शिकायत के आधार पर वसीम, साहिल और पंडत के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पूछताछ में तीनों ने गुनाह कबूल कर लिया है। अब पुलिस कोर्ट में चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है।