गेमिंग ऐप बना जान पर भारी…तीन बहनों ने बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से लगाई छलांग…परिवार में छाया मातम
गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत भारत सिटी सोसायटी के टावर बी-1 की 9वीं मंज़िल पर रहने वाली तीन नाबालिग सगी बहनों ने खिड़की से कूदकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना में तीनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाकी (12 वर्ष) के रूप में हुई है।
-
गेमिंग ऐप बना जानलेवा खेल
-
तीन बहनों ने लगाई छलांग
-
नवीं मंजिल से कूदीं 3 बहनें
-
परिवार में पसरा मातम गहरा
-
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें कोविड-19 महामारी के बाद से स्कूल नहीं जा रही थीं। सबसे बड़ी बहन निशिका की पढ़ाई चौथी कक्षा तक ही बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या के संदेह में जांच रही है। शालीमार गार्डन के एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना रात करीब 2 बजे हुई। उन्होंने बताया कि जिस कमरे से बहनों ने छलांग लगाई, उस कमरे में एक मंदिर बना हुआ था और खिड़की खुली हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक कुर्सी पर चढ़ीं और एक-एक कर नीचे कूद गईं।
सोसायटी में मचा हड़कंप
घटना के बाद भारत सिटी सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बहनों को तुरंत लोनी स्थित संयुक्त अस्पताल (जॉइंट हॉस्पिटल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गेमिंग ऐप से जुड़ा हो सकता है मामला
मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि तीनों बहनें कथित तौर पर कोरियन टास्क-बेस्ड गेमिंग ऐप की आदी थीं। पुलिस को मौके से कुछ हस्तलिखित कागज़ (हैंडरिटन नोट्स) भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल जारी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल फोन, लिखित दस्तावेज़ और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, यह घटना पूरे इलाके में शोक और चिंता का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।