2014: मां हीराबेन के आशीर्वाद संग पहला जन्मदिन
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का 64वां जन्मदिन खास रहा। गांधीनगर में मां हीराबेन संग समय बिताया, मिठाई खाई और 5001 रुपये दान किए। देशभर में ‘सेवा सप्ताह’ चला, कार्यकर्ताओं ने रक्तदान और स्वच्छता अभियान चलाए।
2015: शौर्यांजलि प्रदर्शनी और ‘विकास दौड़’
65वें जन्मदिन पर मोदी ने राजपथ पर 1965 युद्ध की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित शौर्यांजलि प्रदर्शनी देखी। देशभर में कार्यकर्ताओं ने 365 किलो लड्डू बांटे और दिल्ली में ‘विकास दौड़’ आयोजित हुई।
2016: दिव्यांगजन और आदिवासी कल्याण
66वें जन्मदिन पर मोदी गुजरात में मां से मिले। नवसारी में दिव्यांग शिविर में कृत्रिम उपकरण बांटे। दाहोद में आदिवासी कल्याण कार्यक्रम और 4817 करोड़ की पेयजल योजनाओं का उद्घाटन किया।
2017: सरदार सरोवर बांध और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर
67वें जन्मदिन पर मोदी ने मां का आशीर्वाद लिया और सरदार सरोवर बांध का उद्घाटन किया। सरदार पटेल को समर्पित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर का दौरा किया। देशभर में सेवा दिवस के रूप में रक्तदान और स्वच्छता अभियान हुए।
2018: वाराणसी का आशीर्वाद और 600 करोड़ की सौगात
68वें जन्मदिन पर मोदी वाराणसी पहुंचे। बच्चों के संग समय बिताया और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की। 600 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया और अपनी किताब एग्जाम वॉरियर्स का गुजराती संस्करण लॉन्च हुआ।
2019: नर्मदा आरती और बटरफ्लाई गार्डन
69वें जन्मदिन पर मोदी ने केवड़िया जाकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा किया। नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना की और बटरफ्लाई गार्डन में तितलियां उड़ाईं। यात्रा का समापन मां हीराबेन के साथ भोजन कर किया।
2020: कोरोना काल में सेवा और संवेदना
70वें जन्मदिन पर महामारी का साया था। हर मंडल में 70 दिव्यांगजनों को उपकरण बांटे गए। कार्यकर्ताओं ने अस्पतालों और झुग्गियों में फल वितरित किए। प्लाज्मा और ब्लड डोनेशन कैंप लगे। मोदी को सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ मिली।
2021: वैक्सीन रिकॉर्ड और सेवा-समर्पण अभियान
71वें जन्मदिन पर देश ने ढाई करोड़ वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड बनाया। बीजेपी ने 20 दिन का “सेवा और समर्पण अभियान” शुरू किया। मोदी ने इसे जनता और वैज्ञानिकों की मेहनत का नतीजा बताया।
2022: कूनो नेशनल पार्क में चीतों की वापसी
72वें जन्मदिन पर मोदी ने नामीबिया से आए आठ चीतों को कूनो पार्क में छोड़ा। खुद कैमरे से तस्वीरें क्लिक कीं। श्योपुर में महिला समूह सम्मेलन और विकास केंद्रों का उद्घाटन किया। बीजेपी ने देशभर में सेवा पखवाड़ा चलाया।
2023: ‘यशोभूमि’ और विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ
73वें जन्मदिन पर मोदी ने द्वारका स्थित IICC ‘यशोभूमि’ का उद्घाटन किया। विश्वकर्मा जयंती पर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना लॉन्च की, जो परंपरागत कारीगरों और शिल्पकारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनी।
2024: 100 दिन की सरकार और आदिवासी मां का आशीर्वाद
74वें जन्मदिन पर मोदी भुवनेश्वर पहुंचे। पीएम आवास योजना-शहरी के 26 लाख घरों का लोकार्पण किया और झुग्गी-बस्ती का दौरा किया। एक आदिवासी मां ने खीर खिलाकर आशीर्वाद दिया। यह जन्मदिन सरकार के 100 दिन पूरे होने पर खास बना।
2025: पीएम मित्र पार्क से नई औद्योगिक शक्ति की शुरुआत
75वें जन्मदिन पर मोदी मध्यप्रदेश के धार पहुंचे। यहां महिलाओं के लिए स्वास्थ्य-पोषण अभियान की शुरुआत की और टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने वाले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया।। यह पार्क भारत को टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





