सागर में बुराड़ी जैसी दिल दहला देने वाली घटना….एक ही परिवार के चार लोगों ने खेत के मकान में की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई क्षेत्र अंतर्गत टीहर गांव से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। खेत में बने एक मकान में रहने वाले एक ही परिवार के चार लोगों ने शुक्रवार की रात कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह मामला राजधानी दिल्ली के बहुचर्चित ‘बुराड़ी कांड’ की याद दिलाता है, जिसमें एक ही परिवार के कई सदस्य रहस्यमयी हालात में मृत पाए गए थे।
टीहर गांव में सनसनीखेज आत्महत्या मामला
इस दुखद घटना में मृतकों की पहचान मनोहर सिंह लोधी, उनकी मां फूलरानी, बेटी शिवानी और बेटे अनिकेत के रूप में हुई है। सभी एक ही घर में रह रहे थे और शुक्रवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में चारों ने अपनी जान गंवा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ खुलासा?
जानकारी के अनुसार, मनोहर की पत्नी कुछ दिनों से मायके गई हुई थी। शुक्रवार देर रात अचानक उल्टी करने की आवाजें सुनी तो मनोहर का छोटा भाई नंदराम नीचे उतरकर आया तो उसे पूरा परिवार अजीब स्थिति में नजर आया। जहां सभी सदस्य उल्टी कर रहे थे। उनकी हालत बेहद नाजुक और गंभीर थी। ऐसे में नंदराम ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जब तक सहायता पहुंची, तब तक फूलरानी (दादी) और बेटा अनिकेत की मौत हो चुकी थी। बेटी शिवानी ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया, जबकि मनोहर ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अपनी जान गंवा दी।
मौत की वजह बनी पहेली
अब तक पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह साफ हो सके। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सागर के पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया कि, “घटना बेहद दुखद और रहस्यमयी है। जांच के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है। मृतकों के शरीर में किसी तरह के ज़हर के अंश की भी जांच की जा रही है। पारिवारिक तनाव या अन्य किसी कारक की भी जांच की जा रही है।”
स्थानीय लोगों में मातम और भय
इस घटना के बाद से पूरे टीहर गांव में मातम का माहौल है। जो लोग इस परिवार को जानते थे, वे इस घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह परिवार शांत स्वभाव का था और किसी तरह का विवाद या झगड़ा कभी सामने नहीं आया। गांव वालों ने भी किसी को घर आते-जाते नहीं देखा था। स्थानीय लोगों का कहना है कभी सोचा भी नहीं था कि यह परिवार ऐसा कदम उठाएगा। बच्चे अच्छे स्कूल में पढ़ते थे, मनोहर खेती के साथ-साथ मजदूरी भी करता था। पत्नी के मायके जाने के बाद भी सब सामान्य लग रहा था।
खेत में बना था आवास, गांव से दूर रहते थे
मृतक परिवार गांव के मुख्य इलाके से दूर खेत में बने मकान में रह रहा था। कुछ दिन पहले मनोहर की पत्नी अपने मायके चली गई थी, जिससे घर पर सिर्फ दादी और बच्चे ही थे। ऐसी जगह पर रहना जहां मदद पहुंचने में समय लगे, किसी अनहोनी की स्थिति को और भी गंभीर बना देता है। पुलिस का मानना है कि यह आत्महत्या का सुनियोजित मामला हो सकता है, लेकिन तब भी यह प्रश्न बना हुआ है कि एक साथ चार लोगों ने ऐसा कदम क्यों उठाया?
मनोहर की पारिवारिक पृष्ठभूमि
मनोहर सिंह लोधी एक सामान्य किसान थे। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक-ठाक थी और बच्चों की पढ़ाई में भी कोई रुकावट नहीं थी। नंदराम का कहना है कि मनोहर के चेहरे पर तनाव जरूर था लेकिन उसने कभी अपने मन की बात नहीं कही। किसी तरह की कर्ज या पारिवारिक कलह की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस की प्राथमिक जांच और संभावनाएं
पुलिस फिलहाल तीन प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जहर खाने की आशंका
शुरुआती लक्षणों से लगता है कि चारों ने कोई जहरीला पदार्थ खाया होगा
पारिवारिक या मानसिक तनाव
मनोहर या परिवार के अन्य सदस्यों पर किसी प्रकार का दबाव तो नहीं था, यह भी जांच का हिस्सा है।
यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और व्यक्तिगत संवाद कितना आवश्यक है। ऐसे हादसे केवल परिवार ही नहीं, पूरे समाज को झकझोर देते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि क्या यह सामूहिक आत्महत्या थी या कोई और साजिश इसके पीछे छुपी है। प्रकाश कुमार पांडेय





