टेस्ला के फाउंडर और डायरेक्टर एलन मस्क एक बार फिर बने दुनिया के सबसे अमीर आदमी, फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़ा

Elon Musk

नई दिल्ली।  टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क एक बार फिर से दुनिया के सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। उन्होंने फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़कर यह स्थान फिर से हासिल कर लिया है। टेस्ला के शेयर 5.5% बढ़े हैं। अब वह 207.63 डॉलर पर पहुंच गए हैं और इसी कारण से मस्क की नेटवर्थ बढ़ी है। ब्लूमबर्ग बिलेनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, मस्क की कुल संपत्ति अभी 187.1 बिलियन डॉलर यानी, करीब 15.4 लाख करोड़ रुपए हो गई है।

2023 में गजब बढ़ा टेस्ला

जनवरी में टेस्ला के शेयर की कीमत 108 डॉलर तक गिर गई थी। हालांकि, इस साल टेस्ला के शेयर में 90% की बढ़ोतरी देखने को मिली है। अब ये 207 डॉलर पर है। अक्टूबर 2022 में हुई ट्विटर डील के बाद से ही मस्क की संपत्ति में गिरावट देखी जा रही थी। 8 नवंबर को मस्क की नेटवर्थ 200 बिलियन डॉलर यानी लगभग 16.5 लाख करोड़ रुपए से नीचे आ गयी।

2021 में बने थे मस्क दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी

नवंबर 2021 में मस्क दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी बने थे। उन्होंने अमेजन के जेफ बेजोस को पछाड़कर ये मुकाम हासिल किया था। 5 नवंबर 2021 को मस्क की संपत्ति 338 बिलियन डॉलर यानी करीब 27.95 लाख करोड़ रुपए पर थी। तब टेस्ला के एक शेयर की कीमत 400 डॉलर से ज्यादा थी, यानी यह हद से अधिक थी।

फिलहाल शीर्ष 10 में भारत से केवल मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ही टॉप टेन की सूची में शामिल हैं। गौतम अडाणी के हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद ही बुरे दिन चल रहे हैं। फिलहाल, गौतम अडाणी 37.7 बिलियन डॉलर यानी करीब 3.11 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ 32वें नंबर पर है। 81.1 बिलियन डॉलर यानी 6.70 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ अंबानी 10वें नंबर पर है। तीसरे नंबर पर जेफ बेजोस, चौथे पर बिल गेट्स और पांचवें पर वॉरेन बफे हैं।

हालांकि, इन सबके बीच ट्विटर से छंटनी का दौर जारी है और अब ट्विटर में केवल 2000 कर्मचारी बचे रह गए हैं। एलन मस्क ने इसी बीच अपने कुत्ते की फोटो भी सीईओ के तौर पर डाल दी थी।

Exit mobile version