लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ इन धाराओं में एफआईआर दर्ज, पहलगाम हमले को लेकर बनाया था ये विवादित वीडियो..किसने बताया नेहा सिंह को कलंक
यूपी में ‘का बा’ गाने के बाद सुर्खियां बटोरने वाली भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर अक्सर अपने वीडियो को लेकर विवादों में रहती हैं। उनके खिलाफ अब तक कई बार अलग अलग थानोें में शिकायत के साथ केस दर्ज हो चुके हैं। लेकिन इस बार नेहा सिंह राठौर ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर जो वीडियो पोस्ट किया, उससे उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जिसे लेकर वे एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह FIR खुद को राष्ट्रीय कवि बताने वाले अभय सिंह निर्भीक की शिकायत पर लखनऊ स्थित हजरतगंज थाने में दर्ज की गई है।
हजरतगंज थाने में दर्ज की गई है एफआईआर
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर वीडियो पोस्ट किया,
अभय प्रताप सिंह निर्भीक की शिकायत पर FIR
दरअसल इस पोस्ट में लोक गायिका नेहा सिंह ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर कई सवाल उठाए थे। इतना ही नहीं आरोप लगाया था कि इससे उपजे सेंटिमेंट का इस्तेमाल साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा के चुनाव में किया जाएगा। नेहा सिंह राठौर की इस पोस्ट को आपत्तिजनक बताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बिहार की नेहा…यूपी में कैसे हुई फेमस
लोकगायिका नेहा सिंह राठौर वैसे तो बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली हैं। साल 2022 में उनकी शादी उत्तरप्रदेश के अम्बेडकरनगर के रहने वाले हिमांशु सिंह से हुई। नेहा सिंह राठौर उस वक्त सुर्ख़ियों में आईं थीं जब इलाहबाद यूनिवर्सिटी को लेकर उन्होंने एक गीत गया था। इसके बाद नेहा ‘रोजगार देबा कि करबा ड्रामा’ होने के चलते वे और भी वायरल हो गईं। इसके बाद नेहा ने ‘यूपी में का बा’ गाने के जरिए सरकार पर निशाना साधा था। यूपी में का बा गाने के जरिए उन्होंने कोरोना काल में व्यवस्था ही नहीं हाथरस काण्ड जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर योगी सरकार को घेरा था। जिस पर साल 2022 के विधानसभा चुनाव में ‘यूपी में का बा पार्ट टू’… से योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया था। उस समय सरकार की ओर से नेहा सिंह को नोटिस भी थमाया गया था।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
बीएनएस की धारा 196(1)(ए)- धर्म और जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा, या समुदाय के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने। सद्भाव बनाए रखने के लिए हानिकारक काम करना।
बीएनएस की धारा 196(1)(बी)- धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने या भड़काने वाले काम करना।
बीएनएस की धारा 197(1) (ए)- कोई भी व्यक्ति जो किसी भी वर्ग, समुदाय या समूह के बारे में ये आरोप या प्रचार करता है कि वे भारतीय संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा — निष्ठा नहीं रख सकते।
बीएनएस की धारा 197(1)(बी)- जो कोई किसी भी पूजा स्थल में या धार्मिक पूजा या धार्मिक अनुष्ठान करने वाली किसी भीड़ में उपधारा (1) में बताए अपराध करेगा।
बीएनएस की धारा 197(1)(सी)- यदि कोई व्यक्ति किसी भी वर्ग विशेष के लोगों के बीच नफरत पैदा करने के लिए अपील या सलाह देता है।
बीएनएस की धारा 197(1)(डी)- जो कोई भी भारत की संप्रभुता, एकता और समग्रता या सुरक्षा को खतरे में डालने के उद्देश्य से बोले गए अथवा लिखित शब्दों और संकेतों, तस्वीरों, इलेक्ट्रॉनिक संचार के जरिए गलत या भ्रामक जानकारी देता है या प्रकाशित करता है।
बीएनएस की धारा 353(1)(सी)- जो कोई भी किसी वर्ग या समुदाय को किसी दूसरे वर्ग या समुदाय के खिलाफ किसी प्रकार का अपराध करने के लिए उकसाने के इरादे से, या उकसाने की संभावना है।
बीएनएस की धारा 353(2)- झूठी जानकारी देना, अफवाह और भयावह समाचार तैयार करना, इस तरह के समाचार प्रकाशित करने अथवा प्रसारित करने से जुड़ी है। जिसके परिणामस्वरूप धर्म, जाति, भाषा अथवा क्षेत्र के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच आपस में दुश्मनी या घृणा पैदा हो सकती है।
बीएनएस की धारा 302- दूसरों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाना होता है। कोई व्यक्ति पूजा स्थल के सामने कोई अपमानजनक प्रतीक अथवा वस्तु रखकर वहां आने वाले लोगों की आस्था का अपमान करता हैै। जानबूझकर अपमान करने के इरादे से कृत्य करना।
आईटी —संशोधन एक्ट 2008 की धारा 69ए- भारत की संप्रभुता, अखंडता, रक्षा, राज्य सुरक्षा, विदेशी संबंधों, सार्वजनिक व्यवस्था अथवा किसी संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है।
बीएनएस की धारा 152- भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों से जुड़ी हुई है।
FIR में नेहा सिंह पर लगे ये आरोप
शिकायत के अनुसार नेहा सिंह राठौर ने अपने ट्विटर हैंडल @nehafolksinger से कई आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए थे। आरोप है लगा है कि नेहा सिंह राठौर ने धर्म और जाति के आधार पर दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने का प्रयास किया। शिकायत के बाद दर्ज FIR में दावा किया है कि उन्होंने देश की राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले वीडियो पोस्ट किए हैं। FIR के अनुसार लोक गायिका नेहा ने पहलगाम हमले पर सवाल उठाए हैं। शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की गई है। FIR में यह भी दावा किया गया है कि भोजपुरी गायिका के बयान पाकिस्तान की मीडिया में भारत विरोधी प्रचार के लिए उपयोग किए जा रहे हैं।…. प्रकाश कुमार पांडेय