एमपी पुलिस में 438 पदों पर अंतिम चयन…8 साल बाद स्टेनो-एएसआई भर्ती पूरी

Final selection for 438 posts in MP Police Steno-ASI recruitment completed after 8 years

एमपी पुलिस में 438 पदों पर अंतिम चयन…8 साल बाद स्टेनो-एएसआई भर्ती पूरी

मध्यप्रदेश पुलिस में लगभग आठ वर्षों बाद स्टेनोग्राफर और कार्यालयीन स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा आयोजित सूबेदार (अ) (स्टेनो) एवं सहायक उप निरीक्षक (अ) भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। कुल 500 स्वीकृत पदों में से 438 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है, जबकि माननीय न्यायालय के आदेश के चलते 13 प्रतिशत पदों का परिणाम फिलहाल होल्ड रखा गया है।

अंतिम चयन सूची के अनुसार 88 सूबेदार (अ) (स्टेनो) पदों पर चयन हुआ है, जिनमें 30 महिलाएं और 58 पुरुष शामिल हैं। वहीं 350 सहायक उप निरीक्षक (अ) पदों पर 122 महिला और 228 पुरुष अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

भर्ती के लिए सितंबर 2025 में विज्ञापन जारी किया गया था। आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर 2025 में पूरी हुई, जबकि लिखित परीक्षा दिसंबर 2025 में आयोजित की गई। इसके बाद जून 2026 में हिंदी टंकण, शीघ्रलेखन और दस्तावेज परीक्षण संपन्न हुआ। लिखित और व्यावहारिक परीक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर अंतिम चयन किया गया।

चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण और इकाई आवंटन के बाद नियुक्ति दी जाएगी। इसके पश्चात उन्हें मध्यप्रदेश पुलिस के प्रशिक्षण संस्थानों में आधारभूत प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस भर्ती से पुलिस विभाग की प्रशासनिक कार्यकुशलता और सेवा वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Exit mobile version