उत्तर प्रदेश का गोंडा उस वक्त अचानक अंतरराष्ट्रीय चर्चा का केंद्र बन गया, जब अमेरिका के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल यहां पहुंचे। इंस्टाग्राम पर 18.2 मिलियन फॉलोअर्स रखने वाले एश्टन ने भारतीय कुश्ती, देसी खेल संस्कृति और ग्रामीण मेहमाननवाजी को बेहद करीब से देखा। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की रही, जब उन्होंने पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के आवास, अस्तबल और हेलीकॉप्टर को देखा। यह सब देखकर एश्टन इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने बृजभूषण को मजाकिया अंदाज में “फाइनल बॉस” कह दिया।
गोंडा के नंदिनी नगर महाविद्यालय पहुंचने पर एश्टन हॉल का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच विदेशी मेहमान का स्वागत देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। एश्टन के साथ उनके विदेशी साथी और “इंडियन एश्टन हॉल” के नाम से सोशल मीडिया पर चर्चित चंबल के योगेंद्र कुशवाहा भी मौजूद रहे।
बृजभूषण शरण सिंह और एश्टन हॉल के बीच खेल, फिटनेस और युवाओं के भविष्य को लेकर लंबी बातचीत हुई। इसके बाद एश्टन भारतीय कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने युवा पहलवानों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को फिटनेस के खास टिप्स दिए और कई पहलवानों को कुश्ती किट भी बांटी। विदेशी फिटनेस स्टार को अपने बीच देखकर युवा पहलवानों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कुश्ती के बाद एश्टन का अगला पड़ाव बना क्रिकेट का मैदान। नंदिनी नगर कॉलेज मैदान में उन्होंने बच्चों के साथ क्रिकेट खेला और बल्ला थामकर भारतीय खेल संस्कृति का आनंद लिया। विदेशी मेहमान को चौके लगाने की कोशिश करते देख मैदान तालियों और शोर से गूंज उठा। एश्टन ने इस अनुभव को अपने कैमरे में कैद किया और भारतीय खेल संस्कृति की खुलकर तारीफ की।
इसके बाद जब एश्टन हॉल बृजभूषण शरण सिंह के आवास पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर वह हैरान रह गए। आलीशान परिसर, अस्तबल में मौजूद घोड़े और हेलीकॉप्टर ने उनका ध्यान खींच लिया। उन्होंने पूरे परिसर का दौरा किया और जिम में पहुंचकर हनुमान जी की गदा उठाकर एक्सरसाइज भी की।
गोंडा दौरे के दौरान एश्टन ने निशानेबाजी सीखने की इच्छा भी जताई। सांसद करण भूषण सिंह उन्हें शूटिंग रेंज ले गए, जहां उन्होंने एश्टन और योगेंद्र कुशवाहा को निशानेबाजी का अभ्यास कराया। घुड़सवारी से लेकर शूटिंग और देसी अखाड़े तक, अमेरिकी फिटनेस स्टार का यह दौरा पूरी तरह भारतीय रंग में रंगा नजर आया। इस अनोखी मुलाकात ने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं। विदेशी फिटनेस स्टार और भारतीय राजनीति-कुश्ती जगत के चर्चित चेहरे की यह मुलाकात अब चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।