‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा चुनाव…’, बेटे निशांत ने विपक्षी अटकलों का किया खंडन

‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा चुनाव…’, बेटे निशांत ने विपक्षी अटकलों का किया खंडन

पटना। बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य को लेकर उठ रही अटकलों पर अब उनके बेटे निशांत कुमार ने साफ-साफ जवाब दिया है। विपक्षी दलों द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा था कि नीतीश कुमार की तबीयत ठीक नहीं है और वे ज्यादा सक्रिय नहीं रह पा रहे। इस पर निशांत ने कहा कि यह सिर्फ अफवाह और राजनीतिक प्रोपेगेंडा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं, लगातार काम कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

स्वास्थ्य को लेकर विपक्षी दावों का खंडन

निशांत कुमार ने कहा कि विपक्ष बार-बार जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। “मुख्यमंत्री बिल्कुल फिट हैं और रोजाना राज्य के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं। विपक्ष झूठी कहानियां गढ़कर जनता को गुमराह करना चाहता है, लेकिन लोग सच्चाई जानते हैं।” उन्होंने दो टूक कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति कर रहे हैं।

वोट अधिकार यात्रा पर प्रतिक्रिया

विपक्षी दलों की ओर से हाल में निकाली जा रही ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर भी निशांत कुमार ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला चुनाव आयोग का विषय है और वही तय करेगा कि कौन क्या कर सकता है। “विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है। वे केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसी यात्राएं निकाल रहे हैं। जनता विकास देख रही है और उसी के आधार पर निर्णय लेगी।”

पीएम मोदी की बिहार यात्रा पर टिप्पणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया बिहार यात्रा पर निशांत ने सकारात्मक टिप्पणी दी। उन्होंने कहा “प्रधानमंत्री आते भी हैं और बिहार को देते भी हैं। उनके हर दौरे से राज्य को नई योजनाएं मिलती हैं और विकास के नए रास्ते खुलते हैं। निशांत का यह बयान उस सियासी बयानबाज़ी से अलग था, जहां आमतौर पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के नेता एक-दूसरे पर सीधे हमले करते हैं।

नीतीश सरकार की उपलब्धियों का बखान

निशांत कुमार ने नीतीश सरकार की 20 साल की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बिहार ने शिक्षा, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
शिक्षा क्षेत्र में शिक्षकों की बड़े पैमाने पर बहाली की गई है और आने वाले समय में भी नई नियुक्तियां होंगी। आरक्षण के क्षेत्र में पिछड़े वर्गों और वंचितों को आरक्षण का लाभ मिला है।
बुनियादी ढांचे के लेकर भी कई काम किये। सड़क और बिजली की व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर हुई है। स्वास्थ्य सेवाएं के क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर बड़े अस्पतालों तक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सीएम के बेट निशांत ने कहा कि यह विकास यात्रा थमी नहीं है, बल्कि आने वाले समय में और गति पकड़ेगी।

विपक्षी आरोपों पर पलटवार

विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं कि क्या नीतीश कुमार आगामी चुनाव में सीएम चेहरा होंगे। इस पर निशांत ने पलटवार करते हुए कहा “विपक्ष को सिर्फ अफवाहें फैलाने की आदत हो गई है। लेकिन जनता जानती है कि नीतीश कुमार ने बिहार को नई पहचान दिलाई है। चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में होगा और बिहार का विकास निरंतर जारी रहेगा। चुनाव से पहले बिहार की सियासत में जहां विपक्ष नीतीश कुमार के स्वास्थ्य और सक्रियता पर सवाल उठा रहा है, वहीं उनके बेटे निशांत कुमार ने साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं और आगामी विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। निशांत का यह बयान न केवल विपक्ष की अफवाहों को विराम देता है बल्कि नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसे की नई मुहर भी लगाता है। (प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version