यूपी में ईद पर सड़क पर नमाज पढ़ने पर रद्द होगा ड्राइविंग लाइसेंस, क्या बोले केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी?

यूपी में ईद पर सड़क पर नमाज पढ़ने पर रद्द होगा ड्राइविंग लाइसेंस, क्या बोले केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी?

यूपी सरकार ने सख्त निर्देश दिए हैं कि ईद की नमाज सड़कों पर न पढ़ी जाए। इस आदेश का पालन कराने के लिए पुलिस अलर्ट पर है। संभल, बलिया और मेरठ में पुलिस ने अलग-अलग एडवाइजरी जारी की है। संभल में छतों और सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक रहेगी। एएसपी श्रीशचंद्र ने बताया, नमाज मस्जिदों और ईदगाह के अंदर ही अदा की जाएगी। सभी त्योहार नियमानुसार मनाए जाएंगे। कहीं कोई उपद्रव नहीं होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। सीओ अनुज चौधरी ने कहा- हम प्रशासनिक सेवा में हैं। अपना काम सही ढंग से करना हमारी जिम्मेदारी है। हम बिल्कुल नहीं चाहेंगे कि कोई हंगामा या उपद्रव हो। अगर कोई परेशानी है तो आपको भी झेलना पड़ेगा और हमें भी झेलना पड़ेगा। हम जो काम निष्पक्षता से करते हैं, उसे अन्यथा न लिया जाए। हम बस इतना चाहते हैं कि हम आजाद रहें और आप भी आजाद रहें। मेरठ पुलिस ने कहा, सड़क पर नमाज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पासपोर्ट जब्त कर लिए जाएंगे। लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। लेकिन, मेरठ पुलिस का यह आदेश एनडीए के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को रास नहीं आया। उन्होंने पुलिस के आदेश की तुलना ऑरवेलियन 1984 की पुलिसिंग से की है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुखपत्र ऑर्गनाइजर के एक लेख का हवाला भी दिया है।

राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा, ‘मेरा मतलब है कि पुलिस को यह नहीं कहना चाहिए कि हम पासपोर्ट जब्त कर लेंगे। प्रशासन सड़कें खाली रखने की बात कर सकता है, लेकिन इसके लिए समुदाय के लोगों से संवेदनशील बातचीत होनी चाहिए।’

सड़क पर नमाज पर रोक पर दिल्ली में भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा- जनता को परेशान किए बिना अपने त्योहार मनाएं। सभी मौलवी और मौलाना कहते हैं कि मस्जिद में नमाज कबूल होती है। सड़कों पर नमाज पढ़ने का चलन किसने शुरू किया? भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने दिल्ली में कहा, सड़क पर नमाज पढ़ना फैशन बन गया है। देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए सद्भाव जरूरी है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दिल्ली में कहा, इसके लिए कानूनी कार्रवाई की क्या जरूरत है? मुसलमानों को भी यह समझना चाहिए। सड़क सरकार की है। अगर सरकार सड़क पर नमाज पढ़ने से मना कर रही है तो आपको नमाज नहीं पढ़नी चाहिए। मेरठ एसपी सिटी ने कहा कि पुलिस नजर रख रही है। 26 मार्च को मेरठ में पुलिस ने सड़कों पर ईद की नमाज को लेकर आदेश जारी किया है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सड़कों पर नमाज पढ़ता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही ऐसे लोगों का पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की संस्तुति की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि पिछले साल भी कुछ लोगों ने सड़क पर नमाज पढ़ी थी, जिसके चलते 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 80 ​​से ज्यादा लोगों की पहचान की गई थी। इस बार भी पुलिस ऐसे लोगों पर नजर रख रही है।

प्रकाश कुमार पांडेय

 

 

Exit mobile version