दिवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों के बोनस को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र ने हलचल बढ़ा दी है। रेलवे बोर्ड के नाम से जारी बताए जा रहे इस पत्र में दावा किया गया कि रेल कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस यानी पीएलबी के तौर पर 41,149 रुपये दिए जाएंगे। हालांकि रेलवे बोर्ड ने इस दावे को खारिज करते हुए वायरल पत्र को पूरी तरह फर्जी बताया है।
सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर वायरल इस पत्र पर 6 अक्टूबर 2026 की तारीख और RBE नंबर 101/2026 दर्ज था। पत्र पर रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए थे। इसे देखकर कई रेलकर्मी बोनस की राशि को लेकर भ्रमित हो गए।
रेलवे बोर्ड ने सभी रेलवे जोन, प्रोडक्शन यूनिट और संबंधित अधिकारियों को इस फर्जी पत्र को नजरअंदाज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसके आधार पर किसी तरह का भुगतान या प्रशासनिक कार्रवाई नहीं करने को कहा गया है।
फिलहाल रेल कर्मचारियों को 78 दिन के बोनस को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। रिपोर्ट के मुताबिक, बोनस की संभावित राशि करीब 17,951 रुपये हो सकती है। वहीं कर्मचारी पुरानी 7 हजार रुपये की बोनस सीलिंग को बढ़ाकर 18 हजार रुपये के न्यूनतम वेतन के आधार पर बोनस दिए जाने की मांग कर रहे हैं, जिससे बोनस करीब 53,855 रुपये हो सकता है।
ऐसे में रेलकर्मियों के लिए जरूरी है कि बोनस से जुड़ी किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले रेलवे बोर्ड की आधिकारिक घोषणा की पुष्टि करें।