डांसर और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा ने पहली बार क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ अपने तलाक को लेकर खुलकर बातचीत की है। रिएलिटी शो राइज एंड फॉल में उन्होंने अपने रिश्ते की कड़वाहट और असली वजहों का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनकी चुप्पी का मतलब कभी कमजोरी नहीं था। धनश्री ने साफ कहा कि उन्हें सच्चाई पता है और उन्हें किसी को साबित करने की ज़रूरत नहीं है।
“सच सबको मालूम है”
धनश्री ने शो के दौरान कहा कि उनके पास बोलने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन उन्होंने अब तक खामोशी बनाए रखी क्योंकि उन्हें अपनी सच्चाई पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लोग और यहां तक कि क्रिकेट की दुनिया के लोग भी सब जानते हैं, इसलिए आम लोगों के सामने खुद को सही ठहराने की ज़रूरत नहीं।
करियर और परिवार में संतुलन मुश्किल था
धनश्री ने यह भी बताया कि उनके और चहल के बीच मतभेद की बड़ी वजह समय की कमी थी। चहल अक्सर क्रिकेट टूर पर रहते थे, जबकि धनश्री अपने डांस और काम की वजह से लगातार सफर करती थीं। उन्होंने कहा कि इतने कम वक्त में करियर और परिवार दोनों को बराबर समय देना आसान नहीं था।
मुझे भी अपना नाम बनाना था”
अपनी सोच साझा करते हुए धनश्री ने कहा कि हर किसी को अपनी पहचान बनानी होती है। वह सिर्फ कुछ दिनों का काम करके घर बैठ जाने वाली नहीं थीं। उनके ऊपर परिवार की ज़िम्मेदारियां भी थीं और इसलिए उन्होंने अपना करियर जारी रखा। उन्होंने साफ किया कि रिश्ते में दोनों को समझौते करने पड़ते हैं, लेकिन लगातार टकराव सही नहीं होता।
हमेशा रहेगा सम्मान”
धनश्री ने स्वीकार किया कि एक दौर में युजवेंद्र चहल उनके लिए सबकुछ थे। उन्होंने कहा कि उनके मन में हमेशा उनके लिए सम्मान रहा है और आगे भी रहेगा। लोगों ने उन्हें सलाह दी कि खामोश रहना उनके खिलाफ जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी ज़िंदगी में संतुलन और खुशी पा चुकी हैं।





