नए साल की तैयारी में दिल्ली पुलिस…‘ऑपरेशन आघात’ का बड़ा एक्शन..अब तक सैकड़ों गिरफ्तारी
नई दिल्ली: नए साल के जश्न से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में बड़े पैमाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ के तहत सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त अभियान दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में चलाया गया, ताकि नए साल के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।
-
दिल्ली में ऑपरेशन ‘आघात’
-
नए साल से पहले बड़ा एक्शन
-
सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया
-
अवैध हथियार और शराब जब्त
-
नकद और नशीले पदार्थ बरामद
-
285 आरोपी विभिन्न मामलों में गिरफ्तार
-
एहतियातन हिरासत में 504 लोग
-
वाहन चोरी गिरोहों पर शिकंजा
-
हिरासत में 116 कुख्यात अपराधी
-
पुलिस अभियान नए साल तक जारी
पुलिस के अनुसार, रातभर चले इस विशेष अभियान में दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने करीब दो दर्जन अवैध हथियार, लाखों रुपये नकद, अवैध शराब, नशीले पदार्थ और चोरी का सामान बरामद किया। यह कार्रवाई पूरी तरह से एहतियाती कदम के तौर पर की गई।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान कुल 285 आरोपियों को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया गया। ये गिरफ्तारियां आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम सहित अलग-अलग कानूनों के तहत की गई हैं। इसके अलावा, नए साल के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 504 लोगों को एहतियातन हिरासत में भी लिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 21 अवैध हथियार, 27 वाहन, 12,000 से अधिक शराब की बोतलें, लगभग 2.5 लाख रुपये नकद और करीब 7 किलो गांजा बरामद किया है। ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ के तहत 116 कुख्यात अपराधियों (हैबिचुअल ऑफेंडर्स) को भी हिरासत में लिया गया, जबकि 10 संपत्ति से जुड़े अपराधों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य वाहन चोरी गिरोहों पर शिकंजा कसना भी रहा। पुलिस ने पांच ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया, ताकि नए साल के जश्न के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही 231 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
बरामदगी में 21 देसी पिस्तौल, 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू शामिल हैं। इसके अलावा 12,000 से अधिक क्वार्टर अवैध शराब और करीब 6 किलो गांजा भी आरोपियों से जब्त किया गया।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि नए साल के मौके पर राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।