दिल्ली-NCR में भूकंप के तेज झटके, हरियाणा के झज्जर में था केंद्र
गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए। सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर धरती हिलने लगी, जिससे दहशत का माहौल बन गया। यह भूकंप करीब 10 सेकंड तक महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई है।
भूकंप का एपीसेंटर (केंद्र) हरियाणा के झज्जर जिले में था, जो दिल्ली से सिर्फ 51 किलोमीटर दूर है। यह झटका 10 किलोमीटर गहराई में उत्पन्न हुआ, जिससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और जींद तक झटके महसूस किए गए।
लोगों ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि दफ्तरों की कुर्सियां हिलने लगीं, पंखे डोलने लगे और घरों की खिड़कियां कांप उठीं। कुछ इलाकों में लोग तुरंत खुले मैदानों की ओर भागे।
दिल्ली में सुबह से हो रही बारिश के बीच जब यह झटका महसूस हुआ तो डर और ज्यादा बढ़ गया। हालाँकि, अभी तक किसी प्रकार की जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप केंद्र और मौसम विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।