दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव की दिल्ली न्याय यात्रा… निशाने पर आप और बीजेपी…चुनाव से पहले माहौल बनाने में जुटी कांग्रेस

Delhi Congress President Devendra Yadav Delhi Justice Yatra

दिल्ली में अगले साल 2025 में विधानसभा के चुनाव होना हैं। ऐसे में सभी सियासी दल सक्रिय हो गए हैं। बात करें कांग्रेस की तो दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर दिल्ली में न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।
दिल्ली न्याय यात्रा में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र यादव हरी नगर घंटाघर के शास्त्री मार्केट पहुंचे। जहां से यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

वहीं न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर करारा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे न्याय यात्रा का काफिला आगे बढ़ रहा है। वैसे वैसे दिल्ली की जनता यात्रा के साथ जुड़ रही है। इससे दिल्ली की जनता से उनका रिश्ता और अधिक मजबूत हो रहा है।

दिल्ली में बढ़ रहे अपराध

दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर देवेन्द्र यादव ने आम आदमी पार्टी और भाजपा को जमकर घेरा। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आतिशी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा राजधानी में बढ़ते गैंगवार के मामले, अपहरण और गोलीबारी के चलते कानून व्यवस्था चरमरा गई है। जिसे नियंत्रित करने की जगह AAP और बीजेपी अपना पल्ला झाड़ते हुए स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं। देवेंद्र यादव ने आगे यह भी कहा दिल्ली की जनता को कानून-व्यवस्था पर आरोप प्रत्यारोप की राजनीति का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। दिल्ली के लोग भय के साए में जी रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले न्याय यात्रा निकालकर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश बनाने में जुटे हैं। इसी क्रम में राजधानी की हरी नगर विधानसभा में उनकी यात्रा पहुंची। जहां यात्रा के दौरान लोगों की भारी भीड़ भी नजर आई।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गैंगस्टरों के साथ विधायक की संलिप्तता सामने आई है,इसके बाद AAP की गुडंई राजनीति की सच्चाई भी सबके सामने आ चुकी है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लोग दिल्ली में गुंडाराज चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि साल 2013 में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने दावा किया था, लेकिन अरविंद केजरीवाल दिल्ली को बेसहारा छोड़ अपने आप को असहाय दर्शाते हुए आरोप प्रत्यारोप की बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं।

चुनाव में आप से नहीं होगा गठबंधन

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर जहां सभी राजनीतिक पार्टियों की तैयारियां तेज हो गईं हैं। इस बीच कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन को लेकर जवाब दिया है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव साफ किया कि कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव के मैदान में अकेले उतरेगी। देवेन्द्र यादव ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया और बताया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से संभावित उम्मीदवारों को लेकर फीडबैक लेना शुरू कर दिया गया है।

(प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version