बिहार विधानसभा चुनाव 2025: ‘डायनामाइट से उड़ा देंगे’—CM नीतीश कुमार के खास सांसद को मिली धमकी…

JDU MP Devesh Chandra Thakur

‘डायनामाइट से उड़ा देंगे’—नीतीश कुमार के खास सांसद को मिली धमकी…

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सीतामढ़ी। में सांसद के डुमरा स्थित आवास को डायनामाइट से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

आरजेडी नेता राघवेंद्र कुशवाहा पर एफआईआर दर्ज
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा वीडियो
कैंडल मार्च के दौरान विवादित टिप्पणी

जानकारी के मुताबिक, आरजेडी नेता राघवेंद्र कुशवाहा ने शहर में निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और धमकी भरे बयान दिए। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर धमकी दोहराई।

थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी

इस मामले को लेकर सुरसंड थाना क्षेत्र के राधाउर निवासी मनीष कुमार राउत ने डुमरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 22 अगस्त को आरजेडी नेता ने सांसद के खिलाफ अभद्र और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया और उनका वीडियो फेसबुक पर वायरल किया गया।

एफआईआर में कहा गया है कि वायरल वीडियो में राघवेंद्र कुशवाहा साफ तौर पर सांसद के डुमरा स्थित आवास को डायनामाइट से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं।

सत्तारूढ़ दल में आक्रोश

घटना के सामने आने के बाद जेडीयू खेमे में गुस्सा देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें यह मामला न केवल बिहार की सियासत को गरमाने वाला है बल्कि राजनीतिक बयानबाजी की आड़ में बढ़ती सोशल मीडिया धमकियों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

Exit mobile version