Coronavirus News update: दुनिया में कोरोना फिर से अपना कहर दिखाने लगा है और चीन, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान सहित कई देशों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार यानी 5 जनवरी को कोविड-19 के 188 नए मामले दर्ज किए गए हैं और इसके साथ ही अब सक्रिय मामलों की संख्या 2,554 हो गई है।
भारत में संक्रमण का खतरा बढ़ा
भारत में पिछले 24 घंटों में 201 लोग ठीक हुए हैं. जिसके बाद कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,46,055 हो गई है। इसके साथ ही ठीक होने की दर वर्तमान में 98.8% है और सक्रिय मामले 0.01% हैं। चीन में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही भारत, पाकिस्तान और अमेरिका जैसे देशों में भी संक्रमण फैलने का खतरा मंडराने लगा है। ओडिशा के हेल्थ डिपार्टमेंट के स्पेशल सेक्रेटरी अजीत कुमार मोहंती का कहना है कि भारत में कोरोना की चौथी लहर मार्च में आ सकती है।
चीन की हालत खराब
चीन के शंघाई की 70% आबादी कोरोना संक्रमित हो चुकी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, शंघाई के एक श्मशान में हर दिन 5 गुना ज्यादा लाशें आ रही हैं। इससे परिजनों को शोक मनाने के लिए केवल 5 से 10 मिनट का समय मिल रहा है।
बंगाल में 4 नए मामले
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बुधवार के बताया कि पश्चिम बंगाल में ओमिक्रॉन सब वैरिएंट BF.7 के चार नए केस मिले हैं। ये लोग हाल ही में अमेरिका से लौटे थे। चार लोगों में से तीन एक ही परिवार के हैं और नदिया जिले के मूल निवासी हैं, जबकि एक व्यक्ति बिहार का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में कोलकाता में रहता है। इनके संपर्क में आए 33 लोगों की टेस्टिंग की गई है। फिलहाल, चारों मरीजों की हालत स्थिर है।
सरकारें काफी सक्रिय
कोरोना के नए वेरिएंट से खतरे को देखते हुए केंद्र के साथ ही राज्यों की सरकारें काफी सक्रिय हैं। एयरपोर्ट पर कोविड रैंडम टेस्ट 24 दिसंबर से ही शुरू कर दिया गया था। वहीं, 27 दिसंबर को देशभर के अस्पतालों ने कोरोना के प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल किया था।