Coronavirus India: कोरोना के खतरे के बीच केंद्र ने जारी की नई गाइडलाइन, कहा- टेस्ट-ट्रैक और ट्रीट पर दें ध्यान

मास्क और दूरी पर दिया जोर

नई दिल्ली। चीन, जापान, अमेरिका और लैटिन अफ्रीकी देशों में लगातार बढ़ रहे कोरोना के खतरे के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सभी राज्यों के लिए गाइडलाइन जारी की है। मंत्री ने सभी को अलर्ट रहने को कहा है। राज्यों से टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट और वैक्सीनेशन पर ध्यान देने को कहा गया है। नए साल के जश्न और आने वाले उत्सवों को देखते हुए मास्क और आपस में दूरी को ठीक से सुनिश्चित करने को कहा है।

हिंदुस्तान में भी बीएफ7 के चार केस आ चुके हैं और इसको देखते हुए केंद्र सरकार और राज्य सरकारों ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कोविड-19 की रोकथाम की तैयारियों को लेकर राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की और शुक्रवार यानी 23 दिसंबर को गाइडलाइन जारी की।

राज्यों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी लोग प्रिकॉशन वाला डोज लें।

मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग पर जोर

लोगों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए भी कहा गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुरुवार यानी 22 दिसंबर को कोरोना के खतरे को देखते हुए हाई लेवल मीटिंग कर चुके हैं। राज्यों को लिखे लेटर में क्रिसमस और नए साल को देखते हुए कोविड नियमों का पालन करवाने का निर्देश दिया गया और राज्य सरकार से जीनोम सीक्वेंसिंग के पॉजिटिव सैंपल भैजने को कहा गया।

राज्य कर लें संसाधनों की जांच

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों को अस्पताल में बेड, लॉजिस्टिक्स और स्टाफ की उपलब्धता की जांच करने का अनुरोध किया है और टीकाकरण और बूस्टर डोज बढ़ाने को कहा है। पीएम मोदी ने गुरुवार को उच्च स्तरीय बैठक के बाद कहा कि मजबूत निगरानी की जरूरत है और जांच बढ़ाई जाए. साथ ही उन्होंने मास्क पहनने की सलाह दी और कहा कि अभी कोविड खत्म नहीं हुआ है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर निगरानी बढ़ाने पर भी पीएम मोदी ने जोर दिया।

Exit mobile version